Gangster Venkatesh Garg Arrest: हरियाणा पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए कामयाबी हासिल की हैं। मोस्ट वांटेड गैंगस्टर वेंकटेश गर्ग को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से दबोच लिया है। वेंकटेश उर्फ वेंकट पर हरियाणा, दिल्ली, पंजाब एवं चंडीगढ़ में 12 से ज्यादा हत्या, लूट, फिरौती के मामले दर्ज हैं। जानकारी के अनुसार, वह जॉर्जिया में रहकर अपना नेटवर्क चला रहा था, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसी प्रत्यर्पण कराकर उसे आज गुरुवार सुबह भारत लेकर आई।
कौन हैं वेंकटेश गर्ग?
बता दें, वेंकटेश गर्ग हरियाणा के अंबाला जिले के नारायणगढ़ का रहने वाला है। बताया जाता है कि वह कुख्यात कपिल सांगवान उर्फ नंदू गैंग के लिए काम करता है। उसके खिलाफ हरियाणा, दिल्ली, पंजाब और अन्य राज्यों में हत्या, हत्या का प्रयास, फिरौती वसूली, लूट समेत 12 से ज्यादा गंभीर मामले दर्ज हैं। इसके अलावा वह गुरुग्राम में बसपा नेता हरबिलास रज्जूमाजरा की हत्या का भी मास्टर माइंड बताया जाता है। दूसरी तरफ, हरियाणा पुलिस ने उसके सिर पर दो लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। इंटरपोल के माध्यम से उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस भी जारी किया गया था।
Also read: हरियाणा में नगर निगम का अनोखा कदम, खुले में गंदगी रोकने के लिए लगाए गए शीशे
कैसे हुई थी हरबिलास रज्जूमाजरा की हत्या?
पुलिस के अनुसार, गर्ग हरबिलास रज्जूमाजरा हत्याकांड का मुख्य मास्टरमाइंड था। दरअसल, घटना वाले दिन रज्जूमाजरा अपनी कार में बैठकर कही जा रहे थे। उसी बीच, बदमाशों ने उन पर गोली चला दी और मौत हो गई। तभी से वेंकटेश फरार था।
हत्या के बाद फर्जी पासपोर्ट के जरिए जॉर्जिया भाग गया था। जहां वह कपिल सांगवान गैंग से जुड़ा। साथ ही, अपना नेटवर्क बढ़ाने के लिए शूटरों की भर्ती करता था और उन्हें कॉन्ट्रैक्ट किलिंग और वसूली की ट्रेनिंग देता। नवंबर 2025 में उसे भारतीय एजेंसियों के इनपुट पर जॉर्जिया में पकड़ा गया था।