Haryana news : हरियाणा से बड़ी खबर सामने आई है। सोनीपत जिले के गन्नौर क्षेत्र के एक गांव में देर रात एक शराब कारोबारी के घर के बाहर कई राउंड फायरिंग हुई। मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवक ने गांव के ही कुछ लोगों पर पुरानी रंजिश के चलते जान से मारने की नीयत से हमला करने का आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि आरोपी पहले फोन पर गाली-गलौज करते रहे और उसके बाद हथियारों से लैस होकर कार में सवार होकर घर पहुंच गए।
जानकारी के मुताबिक आरोपियों ने घर के बाहर पहुंचते ही फायरिंग शुरू कर दी, जिससे परिवार में दहशत फैल गई। फायरिंग की इस घटना में घर की खिड़की के शीशे और एक कार को नुकसान पहुंचा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से खाली खोल बरामद किए। पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ये है मामला
खबरों की माने तो गांव गुमड़ के रहने वाले कुनाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने समालखा क्षेत्र में शराब के ठेके ले रखे हैं। करीब एक साल पहले गांव के संदीप ठेकेदार को मिट्टी बेचने का लेन-देन हुआ था। इसी दौरान गांव के मनोज ने उस पर आरोप लगाया था कि उसने उनके पैसों से शराब के ठेके और गाड़ी खरीदी है।
इस बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया था। शिकायतकर्ता के अनुसार इसी रंजिश के चलते पहले भी उस पर गोली चलाई गई थी, जिसके संबंध में हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कराया गया था।