Haryana News: हरियाणा के रोहतक में खुले में पेशाब करने और सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फेंकने की समस्या को रोकने के लिए नगर निगम ने एक अनोखी पहल शुरू की है। लंबे समय से शहर के कई इलाकों में लोग खुले में गंदगी फैलाते रहे हैं, जिससे स्वच्छता और स्वास्थ्य दोनों पर असर पड़ रहा था। अब रोहतक नगर निगम ने इस समस्या से निपटने के लिए सख्त कदम उठाए हैं। जिन स्थानों पर लोग बार-बार खुले में पेशाब करते थे या कूड़ा फेंकते थे, वहां बड़े शीशे लगाए गए हैं। इसके साथ ही कई जगहों पर CCTV कैमरे भी लगाए गए हैं ताकि लगातार निगरानी रखी जा सके।
चेतावनी बोर्ड भी लगाए गए
नगर निगम का कहना है कि इन कदमों का उद्देश्य लोगों को शर्मिंदगी महसूस कराना और उनकी आदतों में सुधार लाना है। अधिकारियों का मानना है कि जब लोग खुद को शीशे में देखते हैं और यह जानते हैं कि उनकी हरकत कैमरे में रिकॉर्ड हो रही है, तो वे ऐसी गलत गतिविधियों से बचते हैं। रोहतक में D-पार्क, राज सिनेमा और शीला बाईपास चौक जैसे इलाकों को इस योजना में शामिल किया गया है। इन जगहों पर चेतावनी बोर्ड भी लगाए गए हैं, जिनमें साफ लिखा है कि यहां निगरानी की जा रही है और नियम तोड़ने पर कार्रवाई की जाएगी।
नियम तोड़ने पर LED स्क्रीन पर चलेगी वीडियो
नगर निगम ने यह भी योजना बनाई है कि नियम तोड़ने वालों के वीडियो सार्वजनिक स्थानों पर लगी LED स्क्रीन पर दिखाए जा सकते हैं, ताकि लोगों को सामाजिक जिम्मेदारी का एहसास कराया जा सके। प्रशासन का मानना है कि इससे लोगों में डर और जागरूकता दोनों बढ़ेंगे।
स्वच्छता के प्रति जिम्मेदार बनाना
शीला बाईपास के नीचे पहले भी सफाई अभियान चलाए गए थे, लेकिन लोग बार-बार वहां गंदगी फैलाते रहे। इसी वजह से वहां अब बड़ा शीशा लगाया गया है। अधिकारियों के अनुसार, यह कदम एक मनोवैज्ञानिक प्रभाव पैदा करने के लिए उठाया गया है, ताकि लोग खुद को देखकर अपने व्यवहार पर नियंत्रण रख सकें। नगर निगम का कहना है कि उनका मकसद सिर्फ जुर्माना लगाना नहीं है, बल्कि लोगों में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी की भावना पैदा करना है। उम्मीद है कि इस पहल से शहर में साफ-सफाई बेहतर होगी और लोग सार्वजनिक स्थानों का सही तरीके से उपयोग करेंगे।
Also read: Haryana news : हरियाणा में स्वास्थ्य मंत्री ने दी कड़ी कार्रवाई की चेतावनी, इन जिलों के CMO को दिए ये निर्देश