MS Dhoni IPL Record: भारतीय क्रिकेट के दिग्गज खिलाड़ी महेंद्र सिंह धोनी ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) से संन्यास का ऐलान कर दिया है। इसके साथ ही आईपीएल में उनके 18 साल लंबे सफर का अंत हो गया है। चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने मंगलवार को इसकी जानकारी देते हुए बताया कि धोनी IPL 2027 से टीम के मेंटर की भूमिका निभाएंगे। यानी अब करोड़ों फैंस अपने चहेते 'थाला' को आईपीएल में खिलाड़ी के रूप में मैदान पर खेलते नहीं देख पाएंगे।
महेंद्र सिंह धोनी आईपीएल के पहले सीजन यानी 2008 से ही चेन्नई सुपर किंग्स का अहम चेहरा रहे। हालांकि, 2016 और 2017 में CSK पर प्रतिबंध के दौरान उन्होंने राइजिंग पुणे सुपरजायंट का प्रतिनिधित्व किया था। धोनी की कप्तानी में चेन्नई ने पांच बार IPL ट्रॉफी अपने नाम की। इसके अलावा उन्होंने टीम को 2010 और 2014 में दो चैंपियंस लीग टी20 खिताब भी जिताए। उनकी कप्तानी में CSK ने लीग में अपनी अलग पहचान बनाई और कई बार फाइनल तक का सफर तय किया।
278 मैच, 5439 रन और 24 अर्धशतक
धोनी ने अपने आईपीएल करियर में कुल 278 मुकाबले खेले। इस दौरान उन्होंने 242 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए 38.30 की औसत और 137.45 के स्ट्राइक रेट से 5,439 रन बनाए। आईपीएल में उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 84 रन रहा। उनके बल्ले से 24 अर्धशतक निकले। इस दौरान उन्होंने 375 चौके और 264 छक्के लगाए। धोनी की बल्लेबाजी की सबसे बड़ी खासियत दबाव के समय टीम को जीत के करीब पहुंचाना और आखिरी ओवरों में तेजी से रन बनाना रही।
विकेट के पीछे भी बनाया खास रिकॉर्ड
बल्लेबाजी और कप्तानी के साथ-साथ विकेटकीपर के रूप में भी धोनी का प्रदर्शन शानदार रहा। उन्होंने आईपीएल में विकेट के पीछे कुल 205 शिकार किए, जिनमें 158 कैच और 47 स्टंपिंग शामिल हैं। वहीं, कप्तान के तौर पर उन्होंने आईपीएल में कुल 136 मुकाबले जीते। धोनी का मैदान पर शांत स्वभाव, मैच को समझने की क्षमता और आखिरी समय तक मुकाबले में बने रहने का अंदाज उन्हें दूसरे खिलाड़ियों से अलग बनाता रहा।
Also read: भारतीय खिलाड़ियों के जश्न से तिलमिलाए शोएब अख्तर! बोले - 'इंडिया के बच्चों ने हमें तोड़ दिया'