Ujjain News:: मध्य प्रदेश के उज्जैन में शनिवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। देवास रोड स्थित एक होटल में अंडरग्राउंड वेस्ट चैंबर की सफाई के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से चार कर्मचारियों की मौत हो गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, होटल में बने फूड वेस्ट टैंक की सफाई के लिए दो कर्मचारी अंदर उतरे थे। काफी देर तक उनके बाहर नहीं आने पर दो अन्य लोग उन्हें बचाने के लिए चैंबर में घुस गए। इस दौरान चारों लोग जहरीली गैस की चपेट में आ गए।
जिला कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने बताया कि होटल परिसर में बने फूड वेस्ट टैंक में दो लोग सफाई के लिए उतरे थे। इसके बाद उन्हें बचाने के प्रयास में दो अन्य लोग भी टैंक में चले गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। प्रशासन की ओर से घटना के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है।
गैस रिसाव से फिसलन भरा हुआ चैंबर
उज्जैन के पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा के मुताबिक, होटल के कर्मचारियों और सफाई के लिए बुलाए गए कुछ निजी लोगों ने चैंबर में प्रवेश किया था। शुरुआती जांच में गैस रिसाव की आशंका जताई गई है। बताया जा रहा है कि गैस के कारण चैंबर के अंदर फिसलन बढ़ गई, जिससे लोग गिर पड़े। उन्हें बचाने के लिए अंदर पहुंचे अन्य लोग भी हादसे का शिकार हो गए।
पुलिस और मेडिकल टीम ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने बेहोश हुए लोगों को होश में लाने के लिए CPR देने का प्रयास किया। घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस और मेडिकल टीम को तैनात किया गया। हालांकि, शुरुआती रिपोर्ट में चार लोगों की मौत की बात कही गई है, जबकि पुलिस अधीक्षक के बयान में चार लोगों की हालत गंभीर बताई गई है। हादसे में हताहत हुए लोगों की अंतिम स्थिति को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।