Bihar UPYOG Portal Launch: बिहार के शहरी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी है। अब नगर निगम और नगर निकायों से जुड़ी कई जरूरी सेवाओं के लिए सरकारी दफ्तरों के बार-बार चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 31 अक्टूबर को पटना में राष्ट्रीय शहरी डिजिटल मिशन (NUDM) के तहत UPYOG पोर्टल का शुभारंभ किया। इस पोर्टल के जरिए राज्य के 264 शहरी स्थानीय निकायों की सेवाओं को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लाया जाएगा। पहले चरण में 19 में से 10 मॉड्यूल शुरू किए गए हैं।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने लोक सेवक आवास स्थित 'संकल्प' सभागार में इस पोर्टल का शुभारंभ किया। इस दौरान पोर्टल की कार्यप्रणाली पर आधारित लघु फिल्म दिखाई गई और लाइव डेमोंस्ट्रेशन के जरिए इसकी सुविधाओं की जानकारी दी गई।
UPYOG पोर्टल का मुख्य उद्देश्य शहरी सेवाओं को ऑनलाइन, सरल, तेज और पारदर्शी बनाना है। इसके माध्यम से नागरिक घर बैठे विभिन्न सेवाओं के लिए आवेदन कर सकेंगे और डिजिटल प्रमाणपत्र भी प्राप्त कर सकेंगे।
इस व्यवस्था के लागू होने से लोगों को छोटे-छोटे कामों के लिए नगर निगम या नगर निकाय कार्यालयों के चक्कर लगाने की जरूरत कम होगी। भवन निर्माण की अनुमति और नक्शा पास कराने की प्रक्रिया भी ऑनलाइन की जाएगी।
पहले चरण में शुरू हुईं ये 10 ऑनलाइन सेवाएं
UPYOG पोर्टल में कुल 19 मॉड्यूल विकसित किए जा रहे हैं। पहले चरण में 10 मॉड्यूल शुरू किए गए हैं। इनमें शामिल हैं:
1. विज्ञापन प्रबंधन
2. ट्रेड लाइसेंस
3. जल एवं सीवरेज कनेक्शन प्रबंधन
4. परिसंपत्ति प्रबंधन
5. वाहन बेड़ा प्रबंधन
6. नगरपालिका लेखा एवं वित्त प्रबंधन
7. भवन नक्शा स्वीकृति
8. विधि मॉड्यूल
9. सामग्री प्रबंधन
10. शिकायत निवारण
इन सेवाओं के डिजिटल होने से नगर निकायों के कामकाज में पारदर्शिता आएगी और नागरिकों को आवेदन से लेकर स्वीकृति तक की प्रक्रिया में सहूलियत मिलेगी।
बिहार में आवासीय परियोजना और IT हब भी बनेगा
UPYOG पोर्टल के शुभारंभ के साथ ही बिहार में शहरी आधारभूत संरचना को मजबूत करने के लिए तीन महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं को लेकर समझौता ज्ञापनों (MoU) का हस्तांतरण भी किया गया।
- पटना में आवासीय परियोजना: बिहार राज्य आवास बोर्ड के सेक्टर-5 में टीवी टावर के निकट लगभग 8.5 एकड़ जमीन पर आवासीय परियोजना विकसित की जाएगी। इसके लिए नगर विकास एवं आवास विभाग और नेशनल बिल्डिंग कंस्ट्रक्शन कॉरपोरेशन लिमिटेड (NBCC) के बीच समझौता हुआ है।
- गर्दनीबाग में IT हब: गर्दनीबाग में अत्याधुनिक टेक पार्क के निर्माण और विकास की योजना है। इसके लिए सूचना प्रौद्योगिकी विभाग और NBCC के बीच समझौता ज्ञापन किया गया।
- नया टावर विकसित होगा: जल संसाधन विभाग के निरीक्षण भवनों (IB) को नए टावर के रूप में विकसित करने के लिए NBCC के साथ समझौता किया गया है।
इन परियोजनाओं का उद्देश्य बिहार में आधुनिक सुविधाओं का विस्तार करना, शहरी आधारभूत संरचना को मजबूत करना और निवेश के अवसर बढ़ाना है।
CM सम्राट चौधरी ने क्या कहा?
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि UPYOG पोर्टल की शुरुआत और NBCC के साथ हुए समझौते बिहार के शहरी विकास के लिए महत्वपूर्ण कदम हैं। उन्होंने कहा कि पोर्टल नगर विकास एवं आवास विभाग की कार्यप्रणाली को बदलने में अहम भूमिका निभाएगा।
मुख्यमंत्री के मुताबिक, डिजिटल तकनीक के इस्तेमाल से शहरी सेवाएं अधिक सरल और पारदर्शी बनेंगी। लोगों को सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने से राहत मिलेगी। साथ ही नगर निकायों की कार्यक्षमता में सुधार होगा।
उन्होंने कहा कि आवासीय परियोजना, गर्दनीबाग में IT हब और निरीक्षण भवनों को नए टावर के रूप में विकसित करने जैसी योजनाओं से बिहार में आधुनिक आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा और राज्य के राजस्व सृजन की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।
Also read: Bihar News: बिहार के किसानों के लिए बड़ी खबर! 30 अक्टूबर को आएगी पीएम-किसान की 24वीं किस्त