MP News: मध्य प्रदेश के दतिया में भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा का विधानसभा टिकट कटने के बाद उनके समर्थकों का भारी विरोध देखने को मिला। समर्थकों ने शक्ति प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग NH-44 पर करीब 20 किलोमीटर लंबा जाम लगा दिया, जिससे कई घंटों तक यातायात प्रभावित रहा। प्रदर्शन के दौरान समर्थकों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान कथित तौर पर मुख्यमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां भी की गईं।
DM स्वप्निल वानखेड़े ने कहा,"सुबह 5 बजे तक ये जाम लगा रहा। इस जाम से 4 जिले प्रभावित हुए हैं। दतिया, झांसी, शिवपुरी और ग्वालियर। सबसे ज्यादा प्रभावित इलाका ग्वालियर ही हुआ है बहुत सारे एम्बुलेंस इसमें फंसे हुए थे। हम कल भी समझाते रहे लेकिन कार्यकर्ता समझने को तैयार नहीं थे उसके बाद सुबह 4 बजे भी समझाया लेकिन उसके बाद उनके तरफ से पथराव शुरू हुए। जिसके बाद हमने आंसू गैस के गोले छोड़े ताकि लोगों को वहां हटाया जा सके। पथराव में हमारे 8 जवान को काफी गंभीर चोटे आईं। पुलिस के 3-4 गाड़ियों के कांच तोड़े गए। इन सब में हमारे तरफ से कोई लाठीचार्ज नहीं किया गया और पथराव नहीं किया गया। जब वो नहीं समझे तो हमने आंसू गैस के गोले छोड़े। लेकिन अगर वह नहीं समझते हैं और 5-10 संख्या में बाहर आना चाहते हैं तो हम भी कार्रवाई के लिए तैयार हैं।
नरोत्तम मिश्रा का टिकट कटने पर समर्थकों में नाराजगी
बताया जा रहा है कि भाजपा द्वारा दतिया विधानसभा सीट से डॉ. नरोत्तम मिश्रा का टिकट काटकर आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाए जाने के बाद समर्थकों में नाराजगी बढ़ गई। इसी के विरोध में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक सड़कों पर उतर आए।