Maharashtra News: मुंबई से एक हैरान करने वाला आजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां 1990 से फरार चल रहे एक आरोपी को पुलिस ने दबोचा है। जानकारी के अनुसार, क्रिकेट मैच के दौरान विवाद में आरोपी ने अंपायर पर वार किया था। इसके बाद से ही वह फरार हो गया था।
पुलिस ने उसके मोबाइल नंबर से उसकी लोकेशन निकाली और स्थानीय लोगों से छानबीन की। बात में पता चला कि पुलिस जिससे छानबीन कर रही थी, वही आरोपी था। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच हो रही है।
36 साल पहले हुई थी घटना
बता दें कि मुंबई के बोरीवली में 1990 में क्रिकेट मैच के दौरान LBW के फैसले को लेकर हंगामा हो गया था, जो देखते ही देखते हिंसक हो गया था। उस समय आउट दिए जाने से नाराज बल्लेबाज ने अंपायर के सिर पर क्रिकेट बैट से वार कर दिया था और मौके से भाग गया था। वहीं अब 36 साल बाद बोरीवली पुलिस ने आरोपी को मीरा रोड से दबोचा है। आरोपी की पहचान 55 वर्षीय ओमप्रकाश पासी के तौर पर हुई है। शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आने के बाद बोरीवली पुलिस ने पासी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया था। उसके खिलाफ आईपीसी की धारा 307 और 34 के तहत मुकदमा दर्ज हुआ था।
आरोपी की 36 साल बाद हुई गिरफ्तारी
लंबे समय तक आरोपी फरार चल रहा था। हाल ही में पुलिस की टीम ने तकनीकी जांच के जरिए उसकी तलाश शुरू की। संचार साथी के जरिए पुलिस को आरोपी के नाम पर दर्ज मोबाइल नंबर मिला, जिसकी लोकेशन मीरा रोड में मिली। पुलिस टीम जब मीरा रोड पहुंची और स्थानीय लोगों से पासी के बारे में जानकारी जुटाई, तो सामने आया कि जिस व्यक्ति से जानकारी ली जा रही थी, वही आरोपी थी। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने कथित तौर पर 1990 की घटना में अपनी गलती स्वीकार की। वहीं, मामले की जांच जारी है।
Also read: दिल्ली के बक्करवाला में पुलिस का एनकाउंटर, हिमांशु भाऊ गैंग के दो शूटर घायल