Uttar Pradesh Elections: लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा चुनावी प्लान तैयार किया है। केंद्रीय मंत्री और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने शनिवार को ऐलान किया कि उनकी पार्टी उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। चिराग पासवान ने यह घोषणा नोएडा के नॉलेज पार्क स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित जीएनआईओटी कॉलेज के ओरिएंटेशन कार्यक्रम के दौरान की। उन्होंने कहा कि पार्टी की उत्तर प्रदेश इकाई जल्द ही केंद्रीय संसदीय बोर्ड को इस संबंध में औपचारिक प्रस्ताव भेजेगी।
पार्टी चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार
उन्होंने साफ किया कि पार्टी यूपी चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है। हालांकि, चुनाव में लोजपा (रामविलास) अकेले मैदान में उतरेगी या किसी गठबंधन का हिस्सा बनेगी, इस पर अभी अंतिम फैसला नहीं हुआ है। गठबंधन को लेकर पूछे गए सवाल पर चिराग पासवान ने कहा कि पार्टी आने वाले महीनों में इस पर निर्णय लेगी। उन्होंने कहा कि गठबंधन का स्वरूप क्या होगा या पार्टी अकेले चुनाव लड़ेगी, इसका फैसला समय आने पर किया जाएगा।
चिराग ने किया दावा
चिराग पासवान ने दावा किया कि जिस तरह बिहार में लोजपा (रामविलास) ने बेहतर प्रदर्शन किया है, उसी तरह उत्तर प्रदेश में भी पार्टी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी अब सिर्फ एक राज्य तक सीमित नहीं रहना चाहती, बल्कि देशभर में अपना संगठन मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि लोजपा (रामविलास) उत्तर प्रदेश के अलावा पंजाब और उत्तराखंड विधानसभा चुनावों में भी भागीदारी करेगी। इसके लिए पार्टी ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। उत्तर प्रदेश में हाल ही में बड़े संगठनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं, वहीं उत्तराखंड में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक हो चुकी है। पंजाब में भी पार्टी जल्द कार्यक्रम आयोजित करेगी।
पार्टी की राष्ट्रीय विस्तार योजना का जिक्र
चिराग पासवान ने पार्टी की राष्ट्रीय विस्तार योजना का जिक्र करते हुए कहा कि लोजपा के विधायक कई राज्यों में मौजूद हैं। उन्होंने बताया कि झारखंड से लेकर नागालैंड तक पार्टी की मौजूदगी है। इसके अलावा अरुणाचल प्रदेश और दमन-दीव में भी पार्टी का संगठन सक्रिय है। उन्होंने कहा कि लोजपा (रामविलास) अब देश के अलग-अलग राज्यों में अपना आधार बढ़ाने की रणनीति पर काम कर रही है। उत्तर प्रदेश में सभी सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी को इसी विस्तार अभियान का हिस्सा माना जा रहा है।
Also read: UP News: शामली को लेकर सीएम योगी का बड़ा दावा, बोले- 'अब बदल चुकी है इसकी पहचान'