Sonam Wangchuk Hunger Strike: सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को जंतर-मंतर से सफदरजंग अस्पताल ले जाने के बाद अब समाजसेवी अन्ना हजारे ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सरकार से अपील की कि किसी दुखद घटना का इंतजार करने के बजाय वांगचुक से बातचीत शुरू की जाए और उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाए। अन्ना हजारे ने कहा कि सरकार और प्रदर्शनकारियों के बीच बातचीत होने में कोई नुकसान नहीं है। उनका कहना है कि लोकतंत्र में हर समस्या का समाधान बातचीत से निकल सकता है।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, शनिवार सुबह हाईकोर्ट के निर्देश और रोजाना की मेडिकल जांच के तहत डॉक्टर सोनम वांगचुक की जांच करने पहुंचे थे। इस दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों ने विरोध किया, जिससे थोड़ी देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इसके बाद डॉक्टरों की सलाह और वांगचुक की बिगड़ती तबीयत को देखते हुए उन्हें सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया।
डॉक्टरों की निगरानी में वांगचुक
अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद बताया कि लंबे समय से भूख हड़ताल पर रहने के कारण सोनम वांगचुक काफी कमजोर हो गए हैं। उनमें डिहाइड्रेशन के लक्षण भी पाए गए हैं। फिलहाल उन्हें डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है और उनकी सेहत पर लगातार नजर रखी जा रही है। दूसरी ओर, वांगचुक की पत्नी गीतांजलि जे. आंग्मो ने दावा किया कि उनके पति पूरी तरह ठीक हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बार-बार मांग करने के बावजूद अस्पताल प्रशासन मेडिकल रिपोर्ट की कॉपी उपलब्ध नहीं करा रहा है।
आंग्मो ने क्या कहा?
आंग्मो ने अस्पताल प्रशासन को लिखित में कहा है कि उनकी अनुमति के बिना सोनम वांगचुक को कोई दवा या इलाज न दिया जाए। उन्होंने अस्पताल में पारदर्शिता की कमी का आरोप लगाते हुए वांगचुक को जल्द छुट्टी देने की मांग भी की। उन्होंने यह भी कहा कि 20 जुलाई को प्रस्तावित 'संसद मार्च' तय कार्यक्रम के अनुसार होगा और सोनम वांगचुक उसमें शामिल होंगे। साथ ही उन्होंने अस्पताल के बाहर भारी पुलिस तैनाती और परिवार के लोगों को मोबाइल फोन अंदर ले जाने की अनुमति न मिलने पर भी सवाल उठाए।
परिवार के अलग-अलग दावे
वहीं, वांगचुक की सेहत की निगरानी कर रहे डॉ. सतीश लांबा ने दावा किया कि उन्हें अस्पताल में जाकर वांगचुक से मिलने की अनुमति नहीं दी गई। फिलहाल सोनम वांगचुक का इलाज सफदरजंग अस्पताल में जारी है। पूरे मामले पर प्रशासन, अस्पताल और परिवार के अलग-अलग दावे सामने आ रहे हैं, जबकि सभी की नजर अब उनके स्वास्थ्य और आगे की घटनाओं पर बनी हुई है।
Also read: Kal Ka Mausam 19 July 2026: 19 जुलाई को कैसा रहेगा मौसम? कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, जानें अपने शहर का हाल