Kangana Ranaut Statement: भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत ने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के आंदोलन और प्रदर्शनकारियों पर तीखा हमला बोला है। कंगना ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए आंदोलन में शामिल युवाओं की भाषा, व्यवहार और विरोध के तरीके पर सवाल उठाए। कंगना रनौत ने सोशल मीडिया पर लिखा कि उन्होंने ऐसे वीडियो देखे हैं जिन्हें देखकर उन्हें काफी अजीब महसूस हुआ। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनकारियों के बात करने का तरीका और उनकी भाषा बेहद खराब है। कंगना ने लिखा कि उन्होंने अपनी जिंदगी में कभी भी एक साथ इतने असभ्य और परेशान करने वाले दृश्य नहीं देखे। उन्होंने सवाल किया कि आखिर इन युवाओं की परवरिश कैसे हुई है।
मानसिक रूप से परेशान हैं जेनरेशन जेड- कंगना
कंगना ने CJP के उस प्रतीक पर भी निशाना साधा, जिसमें आंदोलनकारी खुद को "कॉकरोच" बताते हैं। उन्होंने कहा कि अगर कोई खुद को कॉकरोच कहता है और उसी तरह का व्यवहार भी करता है, तो इसमें कोई विरोधाभास नहीं है। उनके मुताबिक, ऐसे लोग समाज के सामने केवल गंदगी और नकारात्मकता फैला रहे हैं। अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी के अंत में कंगना ने लिखा कि इन वीडियो को देखकर वह मानसिक रूप से परेशान हो गई हैं।
सरकार ने की CJP की मांग पूरी
कंगना का यह बयान ऐसे समय आया है, जब CJP ने अपना आंदोलन समाप्त करने का ऐलान कर दिया है। संगठन ने केंद्र सरकार के मंत्रियों जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह के साथ कई दौर की बातचीत के बाद प्रदर्शन खत्म करने का फैसला लिया। CJP का कहना था कि केंद्र सरकार ने उनकी मुख्य मांग स्वीकार कर ली है। इसके बाद तत्कालीन केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया।
प्रह्लाद जोशी बने नए शिक्षा मंत्री
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने वरिष्ठ बीजेपी नेता प्रह्लाद जोशी को नया केंद्रीय शिक्षा मंत्री नियुक्त किया है। गौरतलब है कि CJP ने हाल के दिनों में नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर बड़े स्तर पर प्रदर्शन किया था। इस आंदोलन में बड़ी संख्या में युवाओं और छात्रों ने हिस्सा लिया था। अब कंगना रनौत की सोशल मीडिया टिप्पणी को लेकर राजनीतिक और सोशल मीडिया पर नई बहस शुरू हो गई है।
Also read: दिल्ली-NCR में मौसम ने बदली करवट...उमस से मिली राहत, IMD ने जारी किया भारी बारिश अलर्ट