Noida Rain: दिल्ली-एनसीआर में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच नोएडा से एक बड़ी घटना सामने आई है। नोएडा सेक्टर-16 मेट्रो स्टेशन के नीचे बना सड़क का डिवाइडर अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे में एक व्यक्ति घायल हो गया, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। जानकारी के मुताबिक, लगातार हो रही तेज बारिश के कारण डिवाइडर के नीचे की मिट्टी कमजोर हो गई थी। इसी वजह से मेट्रो स्टेशन के पिलर के पास बना डिवाइडर अचानक ढह गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों में दहशत फैल गई।
हो सकता था बड़ा नुकसान
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि भारी बारिश के कुछ ही देर बाद पूरा डिवाइडर एक साथ गिर गया। बताया जा रहा है कि यह डिवाइडर करीब 50 मीटर लंबा था। गनीमत रही कि हादसे के समय वहां ज्यादा भीड़ नहीं थी, वरना बड़ा नुकसान हो सकता था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और संबंधित विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और प्रत्यक्षदर्शियों से पूरी जानकारी ली। साथ ही इलाके को सुरक्षित कर दिया गया ताकि किसी और हादसे की आशंका न रहे।
निर्माण कार्य हुआ प्रभावित
स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार हो रही बारिश के कारण कई जगहों पर सड़कें और निर्माण कार्य प्रभावित हुए हैं। उनका आरोप है कि समय रहते डिवाइडर और आसपास के ढांचे की जांच की जाती तो शायद इस हादसे को टाला जा सकता था। दिल्ली-एनसीआर में पिछले कुछ दिनों से लगातार बारिश हो रही है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने भी क्षेत्र में अगले कुछ समय तक बारिश और गरज-चमक का अनुमान जताया है। बारिश के चलते कई इलाकों में जलभराव, ट्रैफिक जाम और सड़क धंसने जैसी घटनाएं भी सामने आ रही हैं।
घायल व्यक्ति का चल रहा अस्पताल में इलाज
फिलहाल घायल व्यक्ति का अस्पताल में इलाज चल रहा है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाया जा रहा है कि डिवाइडर गिरने की असली वजह क्या थी। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
Also read: आजम खान की यूनिवर्सिटी पर नहीं चलेगा बुलडोजर, 38 बिल्डिंग को ध्वस्त करने जारी हुआ था आदेश