Jos Buttler Reaches Milestone:इंग्लैंड के स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज जोस बटलर ने टी20 क्रिकेट में एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है। बटलर टी20 क्रिकेट में 15,000 रन पूरे करने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने यह मुकाम श्रीलंका के खिलाफ खेले गए दूसरे टी20आई मुकाबले के दौरान हासिल किया। इसी के साथ उन्होंने वेस्टइंडीज के दिग्गज कीरोन पोलार्ड को पीछे छोड़ते हुए टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया।
बटलर ने इंग्लैंड की पारी के पांचवें ओवर में ईशान मलिंगा की गेंद पर एक रन लेकर 15,000 रन का आंकड़ा छुआ। उन्होंने यह उपलब्धि 528 मैचों में हासिल की है। इस दौरान उनका औसत 35.46 और स्ट्राइक रेट 147.46 रहा है।
497 पारियों में 15 हजार रन
जोस बटलर के नाम अब टी20 क्रिकेट की 497 पारियों में 15,000 रन दर्ज हैं। उनके शानदार टी20 करियर में 9 शतक और 107 अर्धशतक शामिल हैं। बटलर ने इंग्लैंड के अलावा लंकाशायर, मैनचेस्टर ओरिजिनल्स, मैनचेस्टर सुपर जायंट्स, गुजरात टाइटंस, समरसेट, पार्ल रॉयल्स, मुंबई इंडियंस, सिडनी थंडर, कोमिला विक्टोरियन्स, डरबन सुपर जायंट्स, मेलबर्न रेनेगेड्स और इंग्लैंड लायंस जैसी कई टीमों के लिए टी20 क्रिकेट खेला है।
पोलार्ड को छोड़ा पीछे
15,000 रन पूरे करते ही बटलर ने कीरोन पोलार्ड को पीछे छोड़ दिया। पोलार्ड ने 754 टी20 मैचों में 31.71 की औसत से 14,999 रन बनाए हैं। इस तरह बटलर अब टी20 क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में जोस बटलर 15,000 रन के साथ पहले स्थान पर हैं। उनके बाद कीरोन पोलार्ड 14,999 रन, एलेक्स हेल्स 14,581 रन, क्रिस गेल 14,562 रन और डेविड वॉर्नर 14,284 रन के साथ मौजूद हैं।
इंग्लैंड ने श्रीलंका को 6 विकेट से हराया
इस ऐतिहासिक उपलब्धि के साथ ही इंग्लैंड ने श्रीलंका के खिलाफ दूसरा टी20 मुकाबला भी अपने नाम किया। सोफिया गार्डन्स में खेले गए मुकाबले में श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट पर 145 रन बनाए। जवाब में इंग्लैंड ने 12.1 ओवर में 4 विकेट खोकर 146 रन बनाते हुए मुकाबला 6 विकेट से जीत लिया। इस जीत के साथ इंग्लैंड ने तीन मैचों की T20I सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है। श्रीलंका के खिलाफ टी20 में इंग्लैंड की यह लगातार 14वीं जीत है। वहीं, जोस बटलर के लिए यह मुकाबला उनके टी20 करियर में एक ऐतिहासिक उपलब्धि के तौर पर दर्ज हो गया है।
Also read: मास्टर-ब्लास्टर सचिन का रिकॉर्ड चकनाचूर, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जिम्बाब्वे के ब्रेंडन टेलर ने रचा इतिहास