
BJP vs AAP Poster War: दिल्ली में अगले महीने विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। राजनीतिक माहौल पूरी तरह गरमाया हुआ है। सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) और विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच सोशल मीडिया पर पोस्टर वार छिड़ गया है।
आम आदमी पार्टी ने भाजपा पर तंज कसते हुए एक वीडियो जारी किया। इसमें घोड़े पर छत्र दिखाया गया है, लेकिन दूल्हा गायब है। यह भाजपा द्वारा मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित न करने पर व्यंग्य था।दूसरी ओर, भाजपा ने जवाबी हमला करते हुए एक पोस्टर जारी किया। इसमें आम आदमी पार्टी को ‘आपदा’ कहा गया और नारा दिया, “आप-दा जाएगी, भाजपा आएगी।”
PMमोदी बनाम अरविंद केजरीवाल, तेज हुए तीखे प्रहार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के अशोक विहार में एक रैली में आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल पर आरोप लगाए। उन्होंने कहा, "आप सरकार भ्रष्टाचार में डूबी हुई है और यह दिल्ली के लिए 'आपदा' है।" पीएम मोदी ने कहा, "केजरीवाल ने शराब घोटाला, स्कूल घोटाला और प्रदूषण घोटाला किया है। वे खुलेआम भ्रष्टाचार में लिप्त हैं और इसका प्रचार भी कर रहे हैं। दिल्लीवासियों ने इस आपदा के खिलाफ युद्ध छेड़ दिया है।"
वहीं अरविंद केजरीवाल ने पीएम मोदी पर पलटवार किया। उन्होंने कहा, "असली आपदा भाजपा के अंदर ही है। दिल्ली में कोई आपदा नहीं है। भाजपा के पास न तो मुख्यमंत्री पद का चेहरा है, न कोई नैरेटिव और न ही कोई एजेंडा। यही भाजपा की तीन आपदाएं हैं।"
आतिशी को दी गई जिम्मेदारी
पिछले साल सितंबर में अरविंद केजरीवाल ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया था। उन्हें शराब नीति घोटाले में जमानत मिली थी और वे छह महीने जेल में रहे थे। इस्तीफा देते हुए केजरीवाल ने कहा था कि वे तभी मुख्यमंत्री के रूप में लौटेंगे, जब दिल्ली की जनता उन्हें "ईमानदारी का प्रमाण पत्र" देगी।
इसके बाद, पार्टी ने आतिशी को मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी दी। चुनाव से पहले दोनों पार्टियां जनता को अपने पक्ष में करने की पूरी कोशिश कर रही हैं। यह देखना दिलचस्प होगा कि सियासी दंगल में बाजी कौन मारता है।
Leave a comment