ICC Events Host:क्रिकेट की लोकप्रियता और भारत के बड़े बाजार को देखते हुए देश को एक बार फिर ICC के बड़े टूर्नामेंटों की मेजबानी मिल सकती है। साल 2032 से 2035 के बीच होने वाले ICC टूर्नामेंटों में भारत कुछ प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए दावेदारी पेश कर सकता है। हालांकि, इसके लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड को पहले बोली लगानी होगी। ICC ने अगले ग्लोबल साइकल के टूर्नामेंटों की मेजबानी के लिए सदस्य देशों से प्रस्ताव आमंत्रित करने का फैसला किया है।
दरअसल, 15 नवंबर को इंडोनेशिया के बाली में हुई ICC की बैठक में 2032 से 2035 के बीच होने वाले छह बड़े टूर्नामेंटों के आयोजन की समयसीमा तय की गई। इनमें 2032 और 2034 के T20 वर्ल्ड कप, 2033 की चैंपियंस ट्रॉफी और 2035 का ODI वर्ल्ड कप शामिल हैं। इनमें से तीन टूर्नामेंटों का आयोजन अक्टूबर-नवंबर में होना है, जिसे भारत में क्रिकेट आयोजन के लिहाज से अनुकूल समय माना जा रहा है।
2032 से 2035 के बीच इन बड़े टूर्नामेंटों का आयोजन
अगले ICC साइकल के प्रमुख टूर्नामेंटों का कार्यक्रम भी तय कर दिया गया है। इसके तहत 2032 T20 वर्ल्ड कप 14 अक्टूबर से 14 नवंबर तक खेला जाएगा। वहीं, 2033 चैंपियंस ट्रॉफी 2 से 23 अक्टूबर के बीच आयोजित होगी। इसके अलावा 2035 ODI वर्ल्ड कप 2 अक्टूबर से 18 नवंबर तक खेला जाएगा। इन तीनों प्रतियोगिताओं की आयोजन अवधि भारत के लिए अनुकूल मानी जा रही है। ऐसे में BCCI इन टूर्नामेंटों में से कुछ की मेजबानी के लिए बोली लगा सकता है। हालांकि, अभी तक ICC ने किसी भी देश को मेजबानी की जिम्मेदारी नहीं सौंपी है।
2029 चैंपियंस ट्रॉफी और 2031 वर्ल्ड कप की भी मेजबानी करेगा भारत
भारत को मौजूदा ICC साइकल में भी दो बड़े टूर्नामेंटों की मेजबानी करनी है। देश में 2029 की चैंपियंस ट्रॉफी और 2031 का ODI वर्ल्ड कप आयोजित किया जाएगा। 2031 का वनडे वर्ल्ड कप भारत और बांग्लादेश की संयुक्त मेजबानी में खेला जाना है। हालांकि, 2032 से 2035 के बीच होने वाले टूर्नामेंटों के लिए मेजबान देशों का चयन अभी बाकी है। ICC सदस्य क्रिकेट बोर्डों से बोली आमंत्रित करेगा। इसके बाद BCCI को तय करना होगा कि वह किन प्रतियोगिताओं की मेजबानी के लिए अपना प्रस्ताव पेश करना चाहता है।
2035 वर्ल्ड कप की मेजबानी में आ सकती है चुनौती
रिपोर्ट के मुताबिक, बाली बैठक में मौजूद ICC के एक सदस्य ने कहा कि यह पूरी तरह BCCI पर निर्भर करेगा कि वह किसी टूर्नामेंट की मेजबानी के लिए बोली लगाता है या नहीं। भारत में बड़े टूर्नामेंट आयोजित होने से ICC को भी बेहतर रेवेन्यू मिलता है। हालांकि, 2035 ODI वर्ल्ड कप की मेजबानी भारत के लिए आसान नहीं हो सकती। इसकी सबसे बड़ी वजह यह है कि भारत 2031 में भी वनडे वर्ल्ड कप की मेजबानी करेगा। ऐसे में लगातार दो ODI वर्ल्ड कप एक ही देश में आयोजित होने की संभावना कम मानी जा रही है।
Also read: 8 साल पुराना बॉल टेम्परिंग पर डेविड वॉर्नर का बड़ा खुलासा, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया को किया बेनकाब!