Apple ने सेहत से जुड़े सवालों के लिए अपना नया AI रिसर्च ऐप पेश कर दिया है। कंपनी इस ऐप के जरिए ये जानना चाहती है कि लोग हेल्थ से जुड़ी जानकारी के लिए AI चैटबॉट पर कितना भरोसा करते हैं और उनका इस्तेमाल कैसे करते हैं। इसके लिए Apple ने हेल्थकेयर AI कंपनी OpenEvidence से हाथ मिलाया है। शुरुआत में ये ऐप सिर्फ अमेरिका में लॉन्च हुआ है, जहां करीब 2 लाख लोगों को इसमें जोड़ने का टारगेट है। खास बात ये है कि इस ऐप में मिलने वाले जवाब हवा में नहीं होंगे, बल्कि बड़े मेडिकल रिसर्च और जर्नल्स पर आधारित होंगे।
रिसर्च पर आधारित जवाब देगा AI
ये ऐप बिल्कुल ChatGPT और Claude की तरह काम करेगा। यूजर इसमें अपनी रोजमर्रा की सेहत से जुड़ा कोई भी सवाल पूछ सकेगा। जवाब OpenEvidence के AI प्लेटफॉर्म से तैयार होंगे, जिसके लिए The New England Journal of Medicine, JAMA और Nature जैसे बड़े मेडिकल पब्लिकेशन का डाटा इस्तेमाल होगा।जवाब के साथ ही Peer-Reviewed Clinical Citations का लिंक भी मिलेगा, ताकि यूजर खुद चेक कर सके कि जानकारी किस रिसर्च से ली गई है। यूजर जवाब को रेट भी कर सकेगा और फीडबैक दे सकेगा। साथ ही हर महीने एक सर्वे में हिस्सा लेने के लिए भी कहा जाएगा।
iPhone के हेल्थ डाटा से मिलेगा पर्सनल जवाब
स्टडी में शामिल होने वाले यूजर चाहें तो अपना Apple HealthKit डाटा भी शेयर कर सकते हैं। इसमें हार्ट रेट, फिजिकल एक्टिविटी, नींद और लैब टेस्ट के रिजल्ट जैसी जानकारी होगी। Apple ये देखना चाहता है कि पर्सनल डाटा मिलने पर AI के जवाब कितने ज्यादा सटीक और काम के हो जाते हैं। ये ऐप डॉक्टर के पास जाने से पहले तैयारी करने में भी मदद करेगा।
Also read: बारिश में बाइक देती हैं धोखा, तो खरीदो मजबूत ग्रिप वाली ये 5 बाइक, कीमतें ₹1.08 लाख से शुरू
कौन कर सकता है इस्तेमाल?
ये रिसर्च प्रोग्राम फिलहाल अमेरिका में 21 साल या उससे ज्यादा उम्र वालों के लिए है। इसके लिए Apple Intelligence सपोर्ट वाला iPhone 15 या उससे नया मॉडल और iOS 26 या नया सॉफ्टवेयर होना जरूरी है। कंपनी इस स्टडी को 12 महीने से ज्यादा चलाने की तैयारी में है।
डाटा की सेफ्टी का भी पूरा ध्यान
Apple का कहना है कि इस रिसर्च से मिले डाटा का इस्तेमाल AI मॉडल को ट्रेन करने के लिए नहीं होगा। यूजर की पहचान वाली जानकारी हटाकर डाटा को प्रोसेस किया जाएगा। वहीं OpenEvidence सवाल-जवाब वाला डाटा 24 घंटे के अंदर डिलीट कर देगा। ऐप में गंभीर हेल्थ सवालों के लिए सेफ्टी गार्डरेल्स भी लगाए गए हैं, जो जरूरत पड़ने पर यूजर को डॉक्टर या हेल्थकेयर प्रोवाइडर से संपर्क करने की सलाह देंगे।