ICC Actions On SA Players:केप टाउन में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे टेस्ट मैच के दौरान आईसीसी ने साउथ अफ्रीका के बैटिंग कोच एश्वेल प्रिंस और विकेटकीपर बल्लेबाज काइल वेरेन के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की है। दोनों को आईसीसी के आचार संहिता के उल्लंघन का दोषी पाए जाने पर फटकार लगाई गई है। साथ ही उनके अनुशासन रिकॉर्ड में एक-एक डिमेरिट पॉइंट भी जोड़ा गया है। दोनों पर यह कार्रवाई साउथ अफ्रीका की दूसरी पारी के दौरान हुई एक ही घटना को लेकर की गई।
दरअसल, साउथ अफ्रीका के ओपनर मार्केस एकरमैन को आउट दिए जाने के बाद उन्होंने DRS लेने की कोशिश की थी। हालांकि, अंपायरों ने यह कहते हुए रिव्यू देने से इनकार कर दिया कि निर्धारित 15 सेकंड के भीतर अपील नहीं की गई। इस फैसले के बाद जब एकरमैन पवेलियन लौट रहे थे, तब बैटिंग कोच एश्वेल प्रिंस ने अंपायरों से बहस की। उन्होंने दावा किया कि रिव्यू लेने के लिए अभी समय बचा हुआ था। वहीं, प्लेइंग इलेवन से बाहर काइल वेरेन ने एकरमैन को बाउंड्री लाइन के अंदर ही रुकने के लिए कहा, जिससे उनके मैदान छोड़ने में देरी हुई।
आईसीसी ने क्या कहा
आईसीसी ने अपने बयान में बताया कि प्रिंस और वेरेन को आचार संहिता के नियम 2.8 के उल्लंघन का दोषी पाया गया है। यह नियम अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान अंपायर के फैसले पर असहमति जताने या उनके साथ बहस करने से संबंधित है। पिछले 24 महीनों में दोनों का यह पहला अपराध था, इसलिए उनके रिकॉर्ड में एक-एक डिमेरिट पॉइंट जोड़ा गया। दोनों ने अपनी गलती स्वीकार कर ली और मैच रेफरी जवागल श्रीनाथ की ओर से सुनाई गई सजा को भी मान लिया। ऐसे में औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी।
अंपायर ने जताई थी नाराजगी
दोनों के खिलाफ आरोप ऑन-फील्ड अंपायर रिचर्ड इलिंगवर्थ और रिचर्ड केटलबोरो, थर्ड अंपायर क्रिस गैफनी और फोर्थ अंपायर लुबाबालो गकुमा ने लगाए थे। लेवल-1 के इस उल्लंघन पर आधिकारिक चेतावनी से लेकर मैच फीस के 50 प्रतिशत तक जुर्माना और एक या दो डिमेरिट पॉइंट दिए जा सकते हैं। वहीं, मुकाबले के नतीजे की बात करें तो साउथ अफ्रीका ने शानदार वापसी करते हुए ऑस्ट्रेलिया को हराया और टेस्ट सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली।
Also read: वेस्टइंडीज की धमाकेदार जीत, बांग्लादेश को 8 विकेट से रौंदा, WTC पॉइंट्स टेबल में भारत को फायदा