Uttarakhand Weather: देहरादून में पिछले कुछ दिनों से मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। मई की शुरुआत में लोगों को गर्मी से राहत मिली थी, लेकिन अब तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों की परेशानी बढ़ानी शुरू कर दी है। खासकर दोपहर के समय चिलचिलाती धूप और गर्म हवा लोगों को काफी परेशान कर रही है।
कितना है तापमान
सुबह से ही तेज धूप निकलने लगी है और दोपहर होते-होते गर्मी का असर साफ दिखाई देने लगता है। हालांकि तापमान अभी सामान्य स्तर पर बना हुआ है, लेकिन मौसम का असर लोगों को ज्यादा महसूस हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार दून का अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य माना जा रहा है। वहीं रात का न्यूनतम तापमान 20.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से करीब दो डिग्री कम है।
गर्म हवाओं का दिखा असर
शहर में दिन के समय सड़कों पर गर्म हवाओं का असर देखने को मिला। दोपहर के समय बाजारों और सार्वजनिक जगहों पर लोगों की आवाजाही भी कुछ कम नजर आई। तेज धूप के कारण लोग घरों से बाहर निकलने से बचते दिखाई दिए। पर्वतीय इलाकों में भी मौसम में बदलाव महसूस किया गया। पहाड़ों में दिन के समय तेज धूप के कारण कुछ देर के लिए गर्मी का एहसास हुआ। हालांकि सुबह और शाम के समय मौसम अभी भी सुहावना बना हुआ है।
कई जिलों में येलो अलर्ट जारी
IMD के मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य के कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार उत्तरकाशी ,रुद्रप्रयाग , चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के कुछ इलाकों में तेज हवाएं चल सकती हैं। इन क्षेत्रों में बिजली चमकने के साथ 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने का अनुमान है।
ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी की भी संभावना जताई है। विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय धूप से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी है। आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी होने की संभावना जताई जा रही है, जिससे गर्मी का असर और बढ़ सकता है।
Also read: मुख्यमंत्री धामी ने दिवंगत सोमेंद्र सिंह बोहरा के परिजनों को सौंपी ₹10 लाख की सहायता राशि, परिवार को दी सांत्वना