Haryana News: हरियाणा के यमुनानगर में पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ का मामला सामने आया है। CIA-2 की टीम ने कार्रवाई करते हुए 5 हजार रुपये के इनामी बदमाश परमिंदर को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान दोनों तरफ से करीब 10 से 12 राउंड फायरिंग हुई। मुठभेड़ में बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामले की जानकारी मिलने के बाद DSP रजत गुलिया भी अस्पताल पहुंचे और मीडिया को पूरी घटना के बारे में बताया।
DSP रजत गुलिया के मुताबिक, पुलिस को शाम के समय सूचना मिली थी कि तीन आपराधिक मामलों में वांछित और 5 हजार रुपये का इनामी बदमाश परमिंदर छत्तर इलाके में मौजूद है। सूचना के आधार पर CIA-2 की टीम ने इलाके में नाकाबंदी की।
इस दौरान छत्तर के नजदीक पुलिस टीम को बाइक पर एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने के लिए चुनौती दी, लेकिन आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें परमिंदर के पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे काबू कर लिया।
मर्डर और घर पर फायरिंग के मामले में था वांछित
DSP ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान परमिंदर के रूप में हुई है। वह पंजाब का रहने वाला है और उसकी उम्र करीब 31 साल है। आरोपी पिछले करीब डेढ़ महीने पहले हुई हत्या की वारदात और एक घर पर हुई फायरिंग के मामले में शामिल बताया जा रहा है। इसके अलावा उसके खिलाफ मारपीट का एक मामला भी दर्ज है। पुलिस के अनुसार, आरोपी तीन मामलों में वांछित था और उस पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
मुठभेड़ में 10 से 12 राउंड फायरिंग
DSP रजत गुलिया ने बताया कि पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ के दौरान करीब 10 से 12 राउंड गोलियां चलीं। घटना की जांच के लिए मौके पर सीन ऑफ क्राइम टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ करेगी और यह पता लगाने की कोशिश करेगी कि हत्या, घर पर फायरिंग और मारपीट की वारदातों में उसके साथ अन्य कौन-कौन लोग शामिल थे।
फिलहाल घायल आरोपी का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान इन आपराधिक मामलों से जुड़े कई और खुलासे हो सकते हैं।