Delhi News: राजधानी दिल्ली में खाकी एक बार फिर सवालों के घेरे में है। उत्तरी दिल्ली के भलस्वा डेयरी थाने में सीबीआई की टीम ने छापेमारी कर थाने में तैनात एएसआई रविंद्र भारद्वाज को कथित तौर पर रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया। जानकारी के मुताबिक, एएसआई रविंद्र भारद्वाज पर आरोप है कि वह एक पारिवारिक मामले को रफा-दफा करने के नाम पर परिवार से रिश्वत की मांग कर रहा था।
बताया जा रहा है कि मामले को निपटाने के नाम पर परिवार पर लगातार दबाव बनाया जा रहा था। इससे परेशान होकर परिवार ने सीबीआई से संपर्क किया और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद सीबीआई ने पहले आरोपों की पुष्टि की और फिर पूरी योजना के साथ ट्रैप लगाया। जैसे ही एएसआई रविंद्र भारद्वाज ने कथित तौर पर रिश्वत की रकम ली, सीबीआई की टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। सीबीआई की इस कार्रवाई से भलस्वा डेयरी थाने में हड़कंप मच गया।
थाने में मौजूद पुलिसकर्मियों के बीच भी अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला। फिलहाल सीबीआई आरोपी एएसआई से पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि इस कथित रिश्वतखोरी में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं। साथ ही मामले से जुड़े दूसरे पहलुओं की भी जांच की जा रही है।