Haryana Weather: हरियाणा में मंगलवार शाम आई आंधी और बारिश के बावजूद भीषण गर्मी से राहत मिलती नजर नहीं आ रही है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार बुधवार को प्रदेश के 13 जिलों में हीट वेव (लू) का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं अगले तीन दिनों के दौरान तापमान में और बढ़ोतरी होने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में मंगलवार को 0.9 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। इसके साथ ही राज्य का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 3.1 डिग्री सेल्सियस अधिक पहुंच गया है। लगातार बढ़ते तापमान के कारण दिन के समय अधिकांश जिलों में गर्म हवाओं और लू का असर महसूस किया जा रहा है।
रोहतक रहा सबसे गर्म
मंगलवार को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान रोहतक में 45.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा हिसार और सिरसा में 44.8 डिग्री, अंबाला में 43.6 डिग्री, करनाल में 43.4 डिग्री, नूंह में 43.2 डिग्री तथा गुरुग्राम में 43.1 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
दक्षिणी हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले में भी गर्मी का प्रभाव बना रहा। नारनौल का अधिकतम तापमान 41.5 डिग्री और महेंद्रगढ़ का 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि महेंद्रगढ़ में 19 मिलीमीटर और भिवानी में 6 मिलीमीटर बारिश होने से कुछ इलाकों में लोगों को राहत मिली।
इन 13 जिलों में लू का अलर्ट
मौसम विभाग ने बुधवार को महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, नूंह, पलवल, फरीदाबाद, रोहतक, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी और चरखी दादरी जिलों में हीट वेव की चेतावनी जारी की है। विभाग का अनुमान है कि इन क्षेत्रों में दोपहर के समय तापमान 45 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक पहुंच सकता है।
अगले तीन दिन और बढ़ेगा तापमान
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार आगामी तीन दिनों के दौरान प्रदेश के अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि इसके बाद मौसम में बदलाव के संकेत हैं और तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है।
11 जून से बदल सकता है मौसम
आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार अगले दो दिनों तक हरियाणा में मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना रहेगा। इसके बाद 11 और 12 जून को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं 13 और 14 जून को भी कुछ स्थानों पर छिटपुट वर्षा गतिविधियां जारी रह सकती हैं।
आंधी, बिजली और ओलावृष्टि की चेतावनी
मौसम विभाग ने 11 और 12 जून को राज्य के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि की संभावना जताई है। इसके साथ ही इन दिनों 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है। 13 और 14 जून को भी 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।