Haryana News: हरियाणा के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं जननायक जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता दुष्यंत चौटाला आज सोनीपत पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि संगठन को मजबूत करने के लिए दिशा-निर्देश दिए गए हैं। वहीं, 25 सितंबर को जननायक चौधरी देवीलाल की जयंती के अवसर पर प्रदेशभर में प्रार्थना सभाओं के आयोजन की भी बात कही।
दुष्यंत चौटाला ने प्रदेश की मौजूदा सरकार पर भी कई मुद्दों को लेकर निशाना साधा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि हरियाणा के इतिहास में शायद ही कोई मुख्यमंत्री अपने कार्यकाल में इतनी बार पंजाब गया हो, जितनी बार मौजूदा मुख्यमंत्री पिछले दो वर्षों में पंजाब गए हैं।
दुष्यंत चौटाला ने कहा कि बीजेपी को हरियाणा के मौजूदा हालात पर भी ध्यान देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में सफाई कर्मचारियों के आंदोलन के बाद अब कौशल निगम के कर्मचारियों में भी नाराजगी देखने को मिल रही है। उन्होंने दावा किया कि कर्मचारियों को समय पर वेतन नहीं मिल रहा और प्रदेश की यूनिवर्सिटी के हालात भी ठीक नहीं हैं।
दुष्यंत चौटाला ने किसानों के एमएसपी के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि किसानों से 24 फसलों की एमएसपी पर खरीद का वादा किया गया था, लेकिन ऐसी फसलों को भी सूची में शामिल कर दिया गया है, जिनका उत्पादन हरियाणा में नहीं होता। उन्होंने कहा कि धान का सीजन आने वाला है, लेकिन मंडियों में व्यवस्थाएं अभी तक दुरुस्त नहीं हुई हैं। सरकार की ओर से व्यवस्था पूरी होने के दावे जरूर किए जा रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि नई गाड़ी खरीदने वाले लोगों तक को फिरौती की धमकियां मिल रही हैं और घरों में भी धमकी पहुंच रही है। उन्होंने पुलिस प्रशासन और डीजीपी के उन दावों पर भी सवाल उठाए, जिनमें अपराध रोकने के लिए नए तंत्र लागू करने की बात कही गई है।