Haryana News: हरियाणा के रेवाड़ी में 42 वर्षीय व्यक्ति की निर्मम हत्या का मामला सामने आया है। बावल रोड स्थित एचपी तेल डिपो के पास कमालपुर निवासी जितेंद्र का शव खून से लथपथ हालत में मिला। घटना की सूचना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के मुताबिक, जितेंद्र सोमवार दोपहर करीब 3 बजे अपने दोस्तों के साथ घर से निकला था। इसके बाद देर शाम कुछ लोगों ने तेल डिपो के पास एक व्यक्ति का शव पड़ा देखा। शव को देखते ही लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। मॉडल टाउन थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल हत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है और मृतक के साथ आखिरी बार मौजूद लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। मामले में पुलिस की जांच के बाद ही हत्या के पीछे की वजह और आरोपियों के बारे में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।