Delhi School Holiday: अगर आप दिल्ली के किसी भी स्कूल में पढ़ते हैं या आप उन बच्चों के अभिभावक हैं तो आपके लिए एक बड़ा अपडेट सामने आया है। 11 सितंबर 2026 शुक्रवार को दिल्ली के सभी सरकारी और निजी स्कूलों की छुट्टी रहेगी। दरअसल, 11 सितंबर से दिल्ली में 18वें ब्रिक्स सम्मेलन शुरु होने वाला है। जिसके चलते दिल्ली शिक्षा निदेशालय ने इस दिन के लिए दिल्ली के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी स्कूलों में छुट्टी की घोषणा की है। इसके अलावा निदेशालय के अधीन आने वाले सभी कार्यालय भी बंद रहेंगे। हालांकि कॉलेज की छुट्टी को लेकर अभी तक कोई सूचना नहीं आई है।
Also read: त्योहारी सीजन से पहले दिल्ली में खाद्य सुरक्षा जांच तेज, 2,800 किलो से ज्यादा असुरक्षित खाना नष्ट; सड़े-गले हालत में मिला खोया-पनीर-मक्खन
ब्रिक्स सम्मेलन के चलते सभी स्कूलों की छुट्टी
बता दें, नई दिल्ली के भारत मंडपम में 11 से 13 सितंबर तक 18वें ब्रिक्स सम्मेलन का आयोजन होगा। इस सम्मेलन में कई देशों के राष्ट्राध्यक्ष, नेता और अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रतिनिधि शामिल होंगे, जिस वजह से शहर की रफ्तार पर असर पड़ने के आसार है। इस दौरान VIP काफिलों की आवाजाही से ट्रैफिक को प्रभावित करेगी। इस समस्या को ध्यान में रखते हुए दिल्ली शिक्षा निदेशालय ने सभी स्कूलों को बंद रखने का आदेश दिया है। इस आदेश के तहत सभी प्राइवेट और सरकारी स्कूल बंद रहेंगे। इसके अलावा शिक्षा निदेशालय का ऑफिस, हेडक्वार्टर और इसके अधीन काम करने वाले जिला स्तर के कार्यालय भी इस दिन बंद रहेंगे।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी जारी
इसके अलावा दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने भी यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है। जिसके अनुसार, नई दिल्ली और उसके आसपास की कुछ सड़कों पर यातायात को अस्थायी रूप से नियंत्रित/मार्ग परिवर्तित किया जाएगा। तो वहीं, नागरिकों को सलाह देते हुए ट्रैफिक पुलिस ने कहा है कि वे अपनी यात्रा की योजना पहले से बना लें और पर्याप्त अतिरिक्त समय रखें, खासकर उन क्षेत्रों से गुजरते समय जहां यातायात प्रतिबंध लागू हो सकते हैं।