Haryana News: हरियाणा से बड़ी खबर सामने आई है। हरियाणा के समालखा क्षेत्र के गांव डिकाडला में स्कॉर्पियो से कुचलकर तीन युवकों की मौत के चर्चित मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जानकारी के लिए आपको बता दें कि CIA-1 की टीम ने मामले के मुख्य आरोपी मनीष को गिरफ्तार कर शनिवार को समालखा अदालत में पेश किया, जहां से उसे 10 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस जांच के अनुसार, बुधवार रात हुई इस घटना में तीन दोस्तों की मौत हो गई थी। मृतकों के परिजनों की शिकायत पर हत्या समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। मामले की जांच कर रही CIA-1 टीम ने आरोपी मनीष को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है।
घटना में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो को पुलिस पहले ही कब्जे में ले चुकी है। वहीं जांच के दौरान घटनास्थल के निकट पंचायत द्वारा लगाए गए सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर भी जब्त किया गया है, जिसकी तकनीकी जांच कराई जा रही है। पुलिस का मानना है कि इससे घटना से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिल सकते हैं।
शनिवार सुबह सीआईए-वन के एसआई अंग्रेज सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम आरोपी को कड़ी सुरक्षा के बीच अदालत लेकर पहुंची। ड्यूटी मजिस्ट्रेट प्रतिभा महला की अदालत ने आरोपी को 10 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजते हुए जांच आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।
खबरों की माने तो पुलिस अब फरार अन्य आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।