Haryana news : हरियाणा में मौसम का मिजाज फिर से बदल गया है जिसके चलते कई जगहों पर बारिश हुई है। हरियाणा के सिरसा जिले के डबवाली में सोमवार को तेज आंधी के बाद झमाझम बारिश हुई है। क्षेत्र के लोहगढ़, कालुवाना, बिज्जुवाली, रिसालिया खेड़ा, मौजगढ़ और डबवाली सहित कई गांवों में सुबह करीब 10:30 बजे बारिश शुरू हुई। इस बारिश के चलते लोगों को भीषण गर्मी और उमस से काफी राहत मिली।
पिछले कई दिनों से क्षेत्र में गर्मी का प्रकोप बना हुआ था। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोग घरों में रहने को मजबूर थे। आंधी और बारिश ने पूरे इलाके का मौसम सुहाना बना दिया, जिससे तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई।
कृषि विशेषज्ञों के अनुसार, यह बारिश फसलों के लिए बेहद लाभदायक साबित हो सकती है। विशेषकर कपास, बाजरा और अन्य मौसमी फसलों की बुवाई की तैयारी कर रहे किसानों को इससे फायदा मिलने की उम्मीद है। लंबे समय से सिंचाई के पानी का इंतजार कर रहे किसानों के चेहरों पर भी खुशी लौट आई।
इसके साथ- साथ पशु-पक्षियों और अन्य जीव-जंतुओं को भी भीषण गर्मी से राहत मिली है। पिछले कई दिनों से पड़ रही गर्मी के कारण पशुधन भी परेशान था, लेकिन मौसम में आए बदलाव से उन्हें भी सुकून मिला।
इस तेज आंधी और बारिश के कारण बिजली व्यवस्था भी प्रभावित हुई है। क्षेत्र के कई गांवों और डबवाली शहर के कुछ हिस्सों में पिछले कई घंटों से बिजली आपूर्ति बाधित रही, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार आगामी घंटों में भी कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और बादल छाए रहने की संभावना बनी हुई है।