Haryana news : हरियाणा से बड़ी खबर सामने आ रही है। नूंह जिले के फिरोजपुर झिरका क्षेत्र में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर अपराध जांच शाखा (CIA) नूंह और पशु तस्करों के बीच मुठभेड़ का मामला सामने आया है। इस मुठभेड़ में दो आरोपियों के पैर में गोली लगी, जिन्हें उपचार के लिए शहीद हसन खां मेवाती मेडिकल कॉलेज, नल्हड़ में भर्ती कराया गया है।
खबरों कि माने तो, अपराध जांच शाखा नूंह की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध पिकअप वाहन में पशुओं की तस्करी की जा रही है। इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने वाहन भगाने की कोशिश की। पुलिस टीम ने पीछा कर पिकअप को घेर लिया।
जानकारी के मुताबिक, इस दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में दो आरोपी घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को मौके से काबू कर लिया और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस जांच में तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से एक देसी कट्टा बरामद किया। वहीं पिकअप वाहन से पांच ऊंट भी बरामद किए गए, जो रस्सियों से बंधे हुए मिले। पुलिस ने सभी पशुओं को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम, भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) तथा आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।