Haryana News: हरियाणा के भिवानी जिले के बवानी खेड़ा क्षेत्र के जमालपुर गांव में 22 वर्षीय युवक शुभम की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि करीब एक दर्जन अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की गई हैं। पुलिस के अनुसार, मोबाइल फोन पर हुई कहासुनी और धमकी को लेकर दोनों गुटों के बीच विवाद चल रहा था। इसी विवाद को सुलझाने के बहाने शुभम को बुलाया गया था, जहां उस पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, जमालपुर निवासी 22 वर्षीय शुभम का करीब एक सप्ताह पहले गांव के ही कुछ युवकों के साथ विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि मोबाइल फोन पर हुई कहासुनी और धमकी के बाद दोनों गुटों के बीच तनाव चल रहा था। इसी विवाद को खत्म करने के लिए रविवार रात दूसरे गुट के युवकों ने शुभम को जमालपुर बस अड्डे के पास बुलाया।
आरोप है कि शुभम के वहां पहुंचते ही दूसरे गुट के युवकों ने उस पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में शुभम गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस की मौजूदगी में उसे इलाज के लिए हिसार के एक निजी अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों की शिकायत पर 16 युवकों के खिलाफ मामला दर्ज
घटना के बाद मृतक के परिजनों ने पुलिस को शिकायत दी और 16 युवकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने परिजनों के बयान के आधार पर 16 नामजद आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
मोबाइल फोन पर विवाद बनी हत्या की वजह
बवानी खेड़ा थाना प्रभारी सुरेश ने बताया कि जमालपुर बस अड्डे पर हुए झगड़े में शुभम पुत्र सुनील को चोटें आई थीं। उसे इलाज के लिए निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। परिजनों की शिकायत पर 16 युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
थाना प्रभारी के अनुसार, शुरुआती जांच में मोबाइल फोन पर धमकी को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद सामने आया है। यह विवाद करीब एक सप्ताह से चल रहा था। इसी की सुलह के बहाने शुभम को बुलाया गया था। पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनसे गहनता से पूछताछ की जा रही है।
अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें गठित
पुलिस घटनास्थल से वारदात से जुड़े सबूत जुटाने का प्रयास कर रही है। वहीं, मामले में नामजद अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों को जिला न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच जारी है।