Haryana News: हरियाणा के सोनीपत जिले के गन्नौर में एक युवक और युवती ने आम्रपाली एक्सप्रेस के सामने कूदकर अपनी जान दे दी। गांव राजलू गढ़ी के पास हुई इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। दोनों की उम्र करीब 24 से 25 साल बताई जा रही है। युवती की पहचान सपना के रूप में हुई है, जबकि युवक का नाम अभी सामने नहीं आया है।
बताया जा रहा है कि आज सुबह तक दोनों काम की तलाश में भटक रहे थे और दोपहर होते-होते दोनों ने ऐसा खौफनाक कदम उठा लिया। जानकारी के मुताबिक, दोनों सुबह एक स्थानीय निवासी के पास पहुंचे थे और उससे वहां काम दिलवाने की बात कही थी, जहां वह खुद काम करता है। स्थानीय निवासी के मुताबिक, युवती उसकी पत्नी की पुरानी परिचित थी और बातचीत के दौरान दोनों ने खुद को पति-पत्नी बताया था।
मौके पर दोनों की मौत
इसके बाद आज दोपहर करीब साढ़े तीन बजे दोनों राजलू गढ़ी के पास रेलवे ट्रैक पर पहुंचे और आम्रपाली एक्सप्रेस के सामने छलांग लगा दी। ट्रेन की चपेट में आने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारी सुरेश ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि ट्रेन के सामने कोई व्यक्ति कूद गया है, लेकिन मौके पर पहुंचने पर एक युवक और युवती के शव मिले।