Samajwadi Party promises: 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों से पहले समाजवादी पार्टी ने अपना बड़ा दांव चल दिया है। पार्टी ने अपना मैनिफेस्टो 'PDA का प्रणपत्र' जारी कर दिया है। इसमें पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक (PDA) के साथ-साथ किसान, युवा, महिला और गरीबों के लिए बड़े-बड़े वादे किए गए हैं।पार्टी का फोकस इस बार सोशल जस्टिस, खेती की गारंटी, हेल्थकेयर में सुधार और टेक्नोलॉजी से चलने वाले शासन पर है। 2017 और 2022 में हार के बाद सपा 2027 में वापसी की पूरी तैयारी में है।
सोशल जस्टिस पर सबसे बड़ा जोर
मैनिफेस्टो में कहा गया है कि सत्ता में आने पर यूपी में जाति जनगणना कराई जाएगी। दलितों, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों, महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराधों पर जीरो-टॉलरेंस पॉलिसी अपनाई जाएगी। SC-ST के लिए स्पेशल कंपोनेंट प्लान के तहत बजट का 20% देने, प्राइवेट स्कूलों में रिजर्व सीटों पर पिछड़े, दलित और EWS छात्रों की फीस वापस करने, CM की अध्यक्षता में दलित डेवलपमेंट काउंसिल बनाने और दलित स्टार्टअप फंड शुरू करने का भी वादा है। सरकारी कॉन्ट्रैक्ट में दलितों और PDA के लिए 50% तक रिजर्वेशन पक्का करने की बात कही गई है।
किसानों के लिए MSP की गारंटी
खेती के लिए पार्टी ने सभी 23 फसलों और दूध के लिए MSP की कानूनी गारंटी का वादा किया है। आलू, टमाटर, प्याज जैसी नॉन-MSP फसलों के लिए स्टेट प्राइस कम्पेनसेशन सिस्टम लाया जाएगा।किसानों का कर्ज तुरंत माफ करने, गांव के इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए 1.5 लाख करोड़ रुपये देने और गन्ना किसानों को 24 घंटे में पेमेंट के लिए 15,000 करोड़ के फंड का भी ऐलान है। सिंचाई के लिए फ्री बिजली और गांव के घरेलू उपभोक्ताओं को 300 यूनिट तक फ्री बिजली देने का वादा किया गया है।
शिक्षा और युवा पर भी विशेष ध्यान
पार्टी ने बंद हुए 26,000 प्राइमरी स्कूलों को फिर से खोलने, क्लास 12 पास छात्रों को लैपटॉप देने और GSDP का 6% शिक्षा पर खर्च करने का वादा किया है। सभी स्कूलों में Wi-Fi, बड़े शहरों में हॉस्टल और एक साल में सभी खाली शिक्षक पद भरने की बात है। शिक्षा मित्रों को रेगुलर करने और ग्रेजुएट्स को नौकरी मिलने तक 5,000 रुपये महीना भत्ता देने का भी वादा है।
Also read: UP Police Transfer: UP चुनाव से पहले पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, एक ही झटके में 183 इंस्पेक्टरों के तबादले
हेल्थ और कानून-व्यवस्था
गरीबी रेखा से नीचे रहने वाले परिवारों को 10 लाख रुपये का हेल्थ इंश्योरेंस और सरकारी अस्पतालों में PDA और गरीबों के लिए फ्री इलाज का वादा है।कानून-व्यवस्था में क्राइम, माफिया और दंगों पर जीरो टॉलरेंस, हर जिले में साइबर यूनिट, AI से ट्रैफिक मैनेजमेंट और CCTV-ड्रोन निगरानी का प्रस्ताव है। नई पुलिस भर्ती में महिलाओं के लिए 33% रिजर्वेशन देने की बात कही गई है।इसके अलावा 5 रुपये में समाजवादी थाली, 5 रुपये में समाजवादी कैंटीन, मजदूरों के लिए डायल 1890 पावर लाइन, अग्निपथ स्कीम का विरोध और पत्रकारों-यूट्यूबर्स के लिए वेलफेयर पॉलिसी का भी वादा किया गया है।