Delhi Cabinet Meeting: संसद के विशेष सत्र से पहले दिल्ली में सियासी हलचल तेज हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में शुक्रवार को दोपहर 1 बजे दिल्ली के सेवा तीर्थ में केंद्रीय कैबिनेट की बैठक होगी। इस हफ्ते कैबिनेट की ये दूसरी बैठक होगी, जबकि आमतौर पर कैबिनेट की बैठक हफ्ते में एक बार ही होती है।वहीं, कांग्रेस ने भी शाम 4:30 बजे संसदीय समिति की बैठक बुलाई है। इसमें INDIA ब्लॉक के नेता भी शामिल होंगे। दोनों ही बैठकों में महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े प्रस्तावित बिलों पर चर्चा होने की संभावना है।सरकार 30 नवंबर से शुरू होने वाले संसद के विशेष सत्र में इन बिलों को फिर से पेश कर सकती है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बैठक के चलते NDA के कई मंत्रियों और सांसदों ने अपनी यात्राएं रद्द कर दी हैं। कुछ मंत्रियों ने तो दिल्ली पहुंचने के लिए जल्दबाजी में फ्लाइट भी बुक की।
विशेष सत्र में नहीं होगा प्रश्नकाल-शून्यकाल
लोकसभा की बैठक 30 नवंबर और राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर से शुरू होगी। दोनों सदनों की कार्यवाही 3 दिसंबर तक चल सकती है। इस विशेष सत्र में प्रश्नकाल और शून्यकाल नहीं होगा। लोकसभा और राज्यसभा सचिवालय की तरफ से जारी जानकारी के मुताबिक, सत्र में सिर्फ जरूरी सरकारी कामकाज पर ही ध्यान दिया जाएगा।
लोकसभा सीटें 543 से बढ़कर 850 हो सकती हैं
इन बिलों के तहत परिसीमन के जरिए लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों को बढ़ाकर अधिकतम 850 किया जा सकता है। सरकार का मकसद लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33% आरक्षण देने का रास्ता तैयार करना है। सरकार इसे 2029 के लोकसभा चुनाव से लागू करना चाहती है।
विपक्ष का प्लान: गैरहाजिर रहें सांसद
अगर विपक्ष के सांसद गैरहाजिर रहते हैं तो सदन में प्रभावी सदस्य संख्या घट जाएगी। फिर दो-तिहाई का आंकड़ा 319 पर आ जाएगा। इसके लिए सपा (37), डीएमके (22), एनसीपी-शरद (8) और टीएमसी (8) यानी कुल 75 सांसदों में से 61 को गैरहाजिर कराना होगा। 7 निर्दलीय और छोटे दलों के 10 सांसदों पर भी नजर है। कांग्रेस (98) के भी कुछ सांसद गैरहाजिर रखे जा सकते हैं।
Also read: Aaj Ka Mausam 27 November: नवंबर के आखिरी दिनों में बदलेगा मौसम...दक्षिण में बारिश और उत्तर भारत में बढ़ेगी ठंड, जानें आज का वेदर अपडेट
DMK बोली - बिल आने के बाद लेंगे फैसला
परिसीमन के मुद्दे पर तमिलनाडु की पार्टी DMK ने कहा है कि वह लोकसभा सीटें बढ़ाने के प्रस्ताव का समर्थन कर सकती है, लेकिन राज्य की मौजूदा करीब 7.2% हिस्सेदारी सुरक्षित रहनी चाहिए। फिलहाल 543 लोकसभा सीटों में से तमिलनाडु की 39 सीटें हैं। DMK नेताओं के मुताबिक, पार्टी चाहती है कि जनसंख्या नियंत्रण में अच्छा प्रदर्शन करने वाले दक्षिणी राज्यों को परिसीमन का राजनीतिक नुकसान न हो। पार्टी प्रमुख एमके स्टालिन बिल संसद में पेश होने के बाद ही इस पर अंतिम फैसला लेंगे।