Haryana News: त्योहारी सीजन में अंबाला मंडल से गुजर रहीं 18 फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें, यात्रियों की सुविधा के लिए त्योहारी सीजन में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने अंबाला मंडल में विशेष प्रबंध किए हैं। अंबाला मंडल से इस सीजन में अब तक 18 फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें गुजर रही हैं। इसके अलावा छह से अधिक विशेष ट्रेनें भी मंडल को आवंटित की गई हैं। इन ट्रेनों का संचालन चंडीगढ़, बठिंडा, अंबाला और सरहिंद सहित विभिन्न स्टेशनों से किया जा रहा है। अधिकांश ट्रेनों में पूर्व दिशा की ओर जाने वाले यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखा गया है।
अंबाला मंडल रेल प्रबंधक विनोद भाटिया ने बुधवार को अंबाला छावनी रेलवे स्टेशन पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अंबाला मंडल एक ट्रांजिट मंडल है, जहां से जम्मू और फिरोजपुर मंडल से चलने वाली अनेक ट्रेनें गुजरती हैं। त्योहारी सीजन में यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों ने विशेष योजना तैयार की है। उन्होंने बताया कि यात्रियों की पूछताछ, टिकट संबंधी जानकारी, स्टेशन की साफ-सफाई, पेयजल और खानपान की व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। टिकट जांच कर्मचारियों को भीड़ के दौरान यात्रियों के साथ उचित व्यवहार करने और उनकी पूछताछ का सही तरीके से जवाब देने के लिए परामर्श दिया गया है। अधिकारियों और कर्मचारियों को यह भी समझाया गया है कि त्योहारों के दौरान दबाव बढ़ने के बावजूद यात्रियों के प्रति व्यवहार सहयोगात्मक रहना चाहिए।
मण्डल रेल प्रबंधक ने बताया कि अधिक भीड़ वाले समय में मुख्य स्टेशनों पर अधिकारियों और पर्यवेक्षकों की आठ घंटे की ड्यूटी लगाई जा रही है। वाणिज्यिक, इंजीनियरिंग और रेलवे सुरक्षा बल सहित सभी विभाग मिलकर काम कर रहे हैं, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। सर्दियों में कोहरे के दौरान रेल संचालन को सुरक्षित बनाए रखने के लिए भी तैयारियां की जा रही हैं। रेल प्रबंधक के अनुसार, परिचालन व्यवस्था और कर्मचारियों को नई तकनीकों तथा उपलब्ध तकनीकी प्रावधानों के बारे में जानकारी दी गई है। सिग्नलों की दृश्यता की जांच के लिए सिग्नल साइटिंग कमेटियां बनाई गई हैं, जो पूरे सेक्शन में जाकर निरीक्षण करती हैं। इसके अलावा, लोको इंस्पेक्टर और क्रू इंस्पेक्टर रेल चालकों की काउंसलिंग करते हैं तथा ब्रेकिंग और इंजन नियंत्रण संबंधी व्यवहार की निगरानी करते हैं। कोहरे के दौरान सुरक्षित संचालन और यात्रियों व रेलवे कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर आवश्यक घोषणाएं भी की जाती हैं।
विनोद भाटिया ने बताया कि कालका-शिमला रेल सेक्शन में काम शुरू हो चुका है। फिलहाल धर्मपुर से शिमला के बीच एक ट्रेन चलाई जा रही है, जबकि कुछ दिनों में दूसरी ट्रेन भी शुरू करने की योजना है। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद पूरे सेक्शन को जनवरी तक खोलने का लक्ष्य रखा गया है।