Haryana News: हरियाणा के फरीदाबाद की राजीव कॉलोनी गोली चलने की वारदात से दहल गई। जहां घर में सो रहे एक युवक के सिर में गोली मार दी गई। युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली की आवाज सुनते ही परिजन मौके पर पहुंची और युवक को अस्पताल में भर्ती करा दिया। परिजनों ने तुरंत घायल युवक को फरीदाबाद के सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, युवक अपने परिवार के साथ बल्लभगढ़ की राजीव कॉलोनी में रहता है और घटना के समय वह घर की छत पर सो रहा था। अचानक हुई फायरिंग से इलाके में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि गोली किसने मारी और इसके पीछे क्या वजह थी। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
इलाके में दहशत का माहौल
इस वारदात के बाद राजीव कॉलोनी में दहशत का माहौल है। पुलिस ने कहा है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा और आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।