Haryana News: हरियाणा के करनाल से भाजपा विधायक जगमोहन आनंद और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर आरोप है कि उसने पत्र के माध्यम से विधायक और उनके बेटे को गोली मारने की धमकी दी थी। साथ ही पत्र में समाज और बेटियों को लेकर अभद्र टिप्पणियां भी की गई थीं और आरोपी ने खुद को एक नामी गैंग का सदस्य बताया था।
मामले की जांच कर रही करनाल पुलिस की सीआईए थ्री शाखा के जांच अधिकारी रणधीर ने बताया कि विधायक जगमोहन आनंद की शिकायत के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू की थी। शिकायत में बताया गया था कि विधायक को एक धमकी भरा पत्र मिला था, जिसमें उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई थी। पुलिस ने जांच के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
जांच अधिकारी के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी रिटायर्ड प्रिंसिपल है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और धमकी देने के पीछे की वजह समेत मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस ने आरोपी को चार दिन के रिमांड पर लिया है। जांच अधिकारी ने बताया कि आरोपी को 18 सितंबर को दोबारा कोर्ट में पेश किया जाएगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और धमकी भरे पत्र से जुड़े साक्ष्यों को भी खंगाला जा रहा है।
पत्र के जरिए दी गई थी धमकी
बता दें कि करनाल से भाजपा विधायक जगमोहन आनंद को बीते दिनों पत्र के जरिए धमकी दी गई थी। पत्र में विधायक और उनके बेटे को जान से मारने तथा गोलियां मारने की धमकी का उल्लेख था। घटना के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की और अब आरोपी की गिरफ्तारी की गई है।