Search KhabarFast

Press ESC to close

Bihar News: दिवाली-छठ पर 24 घंटे अलर्ट रहेंगे अस्पताल, 6 से 17 नवंबर तक स्वास्थ्यकर्मियों की छुट्टियों पर रोक

Bihar News: दिवाली-छठ पर 24 घंटे अलर्ट रहेंगे अस्पताल, 6 से 17 नवंबर तक स्वास्थ्यकर्मियों की छुट्टियों पर रोक

Bihar News: बिहार में दीपावली और छठ महापर्व के दौरान आम लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने विशेष तैयारी की है। इस संबंध में विभाग ने राज्य के सभी सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पतालों, जिला अस्पतालों, अनुमंडलीय अस्पतालों, सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों सहित सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों को अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया है। त्योहारों के दौरान अस्पतालों में 24 घंटे आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। इसके साथ ही प्रमुख छठ घाटों पर मेडिकल कैंप, एम्बुलेंस, आवश्यक दवाओं और प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

स्वास्थ्य विभाग ने दीपावली और छठ महापर्व के दौरान निर्बाध चिकित्सा सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए 6 नवंबर से 17 नवंबर 2026 तक सभी चिकित्सकों, नर्सों, पैरामेडिकल एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मियों के अवकाश पर रोक लगाने का निर्देश दिया है। इस अवधि में किसी भी स्वास्थ्यकर्मी को सामान्य परिस्थितियों में अवकाश स्वीकृत नहीं किया जाएगा। अपरिहार्य स्थिति में सक्षम प्राधिकारी की पूर्व स्वीकृति से ही अवकाश दिया जा सकेगा। सभी अस्पतालों में चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की ड्यूटी रोस्टर के अनुसार उपस्थिति अनिवार्य होगी। साथ ही प्रत्येक स्वास्थ्य संस्थान में आपातकालीन कक्ष एवं सूचना पट्ट पर ड्यूटी रोस्टर प्रदर्शित करने का निर्देश दिया गया है।

अस्पतालों में 24 घंटे उपलब्ध रहेंगी आपातकालीन सेवाएं

स्वास्थ्य विभाग ने सभी सरकारी अस्पतालों में 24 घंटे आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं के संचालन का निर्देश दिया है। इसके तहत अस्पतालों में जरूरी दवाओं, पट्टी, सर्जिकल सामग्री, आईवी फ्लूड और ऑक्सीजन की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। पटाखों से जलने, चोट लगने, सांस संबंधी परेशानी और अन्य आपातकालीन मामलों के उपचार के लिए विशेष बर्न वार्ड तथा आवश्यक बेड की व्यवस्था रखी जाएगी। इसके अतिरिक्त सभी अस्पतालों में वेंटिलेटर, क्रिटिकल केयर बेड और बर्न बेड की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

छठ घाटों पर मेडिकल कैंप और एम्बुलेंस की व्यवस्था

छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी प्रमुख और संवेदनशील छठ घाटों पर मेडिकल कैंप स्थापित किए जाएंगे। इसके लिए सिविल सर्जनों को स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया गया है। इन मेडिकल कैंपों में आवश्यक दवाओं के साथ चिकित्सकों और पैरामेडिकल कर्मियों की 24 घंटे शिफ्टवार तैनाती सुनिश्चित की जाएगी।

इसके अलावा राज्य की सभी 102 एवं अन्य एम्बुलेंस सेवाओं को पूरी तरह अलर्ट मोड में रखा जाएगा। एम्बुलेंस में आवश्यक जीवनरक्षक उपकरण, फर्स्ट-एड किट और पर्याप्त ईंधन की व्यवस्था रहेगी। भीड़भाड़ वाले संवेदनशील स्थानों और प्रमुख छठ घाटों पर एम्बुलेंस की रणनीतिक तैनाती की जाएगी, ताकि आपात स्थिति में मरीजों को कम समय में अस्पताल पहुंचाया जा सके।

खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता पर विशेष निगरानी

त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने और आम लोगों को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग को विशेष जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है। इसके तहत मिठाई, खोया, छेना, घी, खाद्य तेल और अन्य खाद्य पदार्थों की दुकानों एवं निर्माण इकाइयों की नियमित जांच की जाएगी। मिलावटी या नकली खाद्य पदार्थों की बिक्री पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।

अग्नि सुरक्षा और आपातकालीन तैयारियों पर जोर

दीपावली के दौरान आग लगने की संभावित घटनाओं को देखते हुए अस्पतालों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को भी सुदृढ़ रखने का निर्देश दिया गया है। अस्पताल परिसरों में अग्निशामक उपकरणों की उपलब्धता और कार्यशीलता, फायर अलार्म तथा निकासी मार्गों की जांच सुनिश्चित की जाएगी। इसके साथ ही ऑक्सीजन प्लांट, सिलेंडर भंडार और अस्पताल परिसर के आसपास दीये, मोमबत्ती एवं पटाखों के प्रयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

सभी जिलों में 24 घंटे कार्यरत रहेगा स्वास्थ्य नियंत्रण कक्ष

त्योहारों के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए सभी जिलों के सिविल सर्जन कार्यालयों में 24 घंटे स्वास्थ्य नियंत्रण कक्ष संचालित किए जाएंगे। प्रत्येक जिले में इसके लिए एक नोडल पदाधिकारी नामित किया जाएगा तथा नियंत्रण कक्ष के हेल्पलाइन नंबर का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।

राज्य स्तर पर भी बिहार राज्य स्वास्थ्य समिति का नियंत्रण कक्ष, हेल्पलाइन नंबर 104, कार्यरत रहेगा। सभी जिलों से स्वास्थ्य सेवाओं की दैनिक स्थिति रिपोर्ट राज्य स्वास्थ्य समिति को भेजी जाएगी। इसके माध्यम से चिकित्सा सेवाओं की उपलब्धता, आपातकालीन तैयारियों और किसी भी आकस्मिक घटना की लगातार निगरानी की जाएगी।

स्वास्थ्य विभाग ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को इन दिशा-निर्देशों का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा है, ताकि दीपावली और छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं एवं आम लोगों को समय पर आवश्यक चिकित्सा सहायता उपलब्ध हो सके तथा किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।

Leave Your Comments



संबंधित समाचार

Bihar News: खेत बचाओ अभियान से किसानों की बदलेगी तकदीर! कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने प्राकृतिक खेती अपनाने पर दिया जोर

Gaya News: बिहार के गया जी जिले में ‘खेत बचाओ अभियान’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान बिहार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार कृषि भूमि के संरक्षण, मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने और किसानों की खुशहाली एवं समृद्धि सुनिश्चित करने के लिए संकल्पित है। उन्होंने किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाने और रासायनिक उर्वरकों के संतुलित उपयोग की अपील की।

Chhath Puja 2026: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गंगा घाटों का किया निरीक्षण, छठ व्रतियों की सुविधाओं के लिए अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

Patna News: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा-2026 की तैयारियों का जायजा लेने के लिए पटना में गंगा नदी के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। 5 नवंबर को मुख्यमंत्री ने स्टीमर के माध्यम से नासरीगंज घाट से महावीर घाट तक कई प्रमुख घाटों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने घाटों पर साफ-सफाई, सुरक्षा, बैरिकेडिंग और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

लाइव अपडेट

बड़ी खबरें

Khabar Fast