Patna News: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा-2026 की तैयारियों का जायजा लेने के लिए पटना में गंगा नदी के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। 5 नवंबर को मुख्यमंत्री ने स्टीमर के माध्यम से नासरीगंज घाट से महावीर घाट तक कई प्रमुख घाटों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने घाटों पर साफ-सफाई, सुरक्षा, बैरिकेडिंग और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि छठ महापर्व से पहले गंगा घाटों पर सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं, ताकि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को अर्घ्य देने के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो। उन्होंने गंगा नदी के जलस्तर और पानी के प्रवाह को ध्यान में रखते हुए घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने को कहा। मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से घाटों के आसपास मजबूत बैरिकेडिंग कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों और गंगा किनारे की सड़कों पर भी बैरिकेडिंग सुनिश्चित करने को कहा, ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके और किसी तरह की दुर्घटना से बचाव हो।
माइकिंग और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर निर्देश
मुख्यमंत्री ने छठ पूजा के दौरान घाटों पर माइकिंग की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि माइकिंग के जरिए श्रद्धालुओं और छठ व्रतियों को घाटों पर उपलब्ध सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य जरूरी सूचनाओं की लगातार जानकारी दी जाए। इसके साथ ही छठ घाटों तक पहुंचने के लिए सुगम ट्रैफिक व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो। मुख्यमंत्री ने साफ-सफाई और स्वच्छता के मामले में भी किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी।
पटना में 103 गंगा घाट, 91 सुरक्षित और 5 खतरनाक
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि पटना में गंगा नदी पर कुल 103 घाट हैं। इनमें 91 घाट सुरक्षित घोषित किए गए हैं, जबकि 5 घाट खतरनाक हैं। वहीं, 7 घाटों पर अभी काम जारी है। प्रशासन की ओर से छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं।
प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के तहत घाटों पर 552 अस्थायी शौचालय, 450 अस्थायी यूरिनल, 400 अस्थायी चेंजिंग रूम, 13 यात्री शेड और 171 वॉच टावर बनाए गए हैं। सुरक्षा और व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए 21 सेक्टर गठित किए गए हैं। इनमें अधिकारियों और कर्मचारियों की तैनाती की गई है, जो तैयारियों का निरीक्षण और पर्यवेक्षण करेंगे।
92 घाट और 103 तालाब भी किए जा रहे तैयार
पटना नगर निगम की ओर से छठ महापर्व-2026 को देखते हुए 92 घाटों और 103 तालाबों को तैयार किया जा रहा है। इनमें 37 कृत्रिम और 66 स्थायी तालाब शामिल हैं। नगर निगम, नगर परिषद दानापुर और संबंधित विभागों की ओर से घाटों पर जरूरी नागरिक सुविधाएं और सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि छठ महापर्व से पहले सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जाए, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित और सुविधाजनक तरीके से पूजा-अर्चना कर सकें।
इन घाटों का मुख्यमंत्री ने किया निरीक्षण
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने स्टीमर से नासरीगंज घाट से निरीक्षण शुरू किया। इसके बाद उन्होंने कलेक्ट्रीयेट घाट, गांधी घाट, पहलवान घाट, गुलबी घाट, चौधरी टोला घाट, पथरी घाट और गायघाट होते हुए भद्र घाट से महावीर घाट तक की तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव सहित कई मंत्री, विधायक, पटना की महापौर सीता साहू, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, पटना के जिलाधिकारी कुंदन कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।