Haryana News: हरियाणा के फरीदाबाद से जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट को जोड़ने वाले निर्माणाधीन ग्रीन हाईवे पर हुए दर्दनाक हादसे का वीडियो सामने आया है। वीडियो में हादसे की पूरी तस्वीर कैद हुई है, जिसमें तेज आंधी के दौरान एक विशाल गैंट्री क्रेन अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर तक आगे बढ़ती दिखाई दे रही है और फिर अचानक भरभराकर जमीन पर गिर जाती है।
सामने आए वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि हादसे के समय इलाके में तेज आंधी चल रही थी। इसी दौरान निर्माण कार्य में लगी भारी-भरकम गैंट्री क्रेन संतुलन खो बैठी और तेज हवाओं के बीच करीब 200 मीटर तक आगे बढ़ने के बाद अचानक गिर गई। इस दर्दनाक हादसे में तीन श्रमिकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य श्रमिक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका इलाज अस्पताल में चल रहा है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
हादसे की जांच के लिए कमेठी का गठन
वीडियो अब हादसे की वजहों की तरफ इशारा कर रहा है, जिसमें तेज आंधी और खराब मौसम के बीच भारी मशीनरी के संचालन पर सवाल खड़े हो रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने जांच के लिए दो वरिष्ठ अधिकारियों की कमेटी गठित कर दी है, जो हादसे के कारणों और संभावित लापरवाही की जांच करेगी।