Haryana news : हरियाणा से बड़ी खबर सामने आई है। हरियाणा के गुरुग्राम प्रशासन ने अवैध कब्जों, भूमि माफियाओं और सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण के खिलाफ सख्त अभियान शुरू किया है। गुरुग्राम पुलिस और टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए सरकारी जमीनों को अतिक्रमण मुक्त कराया और अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया।
खबरों की माने तो पुलिस ने मिली खुफिया सूचना के आधार पर सोहना की पीर कॉलोनी में सरकारी भूमि पर हुए अवैध कब्जों की पहचान की। इसके बाद प्रशासनिक सहयोग और पुलिस बल की मौजूदगी में मशीनों की सहायता से अवैध निर्माणों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया।
इसके अलावा, टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग ने डीएलएफ फेज-3 स्थित यू ब्लॉक में सार्वजनिक सड़कों और स्थानों को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए अभियान चलाया। जिला नगर योजनाकार (एनफोर्समेंट) अमित माधोलिया के नेतृत्व में विभाग की चार टीमों ने लगभग साढ़े सात घंटे तक कार्रवाई करते हुए 24 से 25 लेन को कवर किया और करीब 800 से 900 मकानों के सामने किए गए अतिक्रमणों को हटाया।
जैसा की विभाग ने बताया की कार्रवाई के दौरान अवैध रैंप, सीढ़ियां, एक्सटेंशन, ग्रिल, साइन बोर्ड, फूड काउंटर, रहड़ियां, कियोस्क, पान-बीड़ी के खोखे, लोहे के पोल और सार्वजनिक स्थानों पर बनाए गए अन्य ढांचे हटाए गए। कई स्थानों पर लोगों ने सड़कों और गलियों पर कब्जा कर निजी उपयोग के लिए संरचनाएं खड़ी कर रखी थीं, जिन्हें तोड़कर रास्तों को साफ कराया गया।
मिली जानकारी के अनुसार यू ब्लॉक में लंबे समय से अतिक्रमण, ट्रैफिक जाम और आवाजाही में बाधा संबंधी शिकायतें मिल रही थीं। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि सार्वजनिक भूमि पर किसी भी प्रकार का कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।