Haryana News: हरियाणा के साढौरा विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक रेनू बाला के पति और इंजीनियर ऋषिपाल शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने व्यासपुर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई।
हालांकि इस दौरान विधायक रेनू बाला कार्यक्रम में मौजूद नहीं रहीं, लेकिन पिछले कई दिनों से वह मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के लिए लोगों को आमंत्रित करने और जनसभाएं आयोजित करने में सक्रिय थीं।
भाजपा का पटका पहनने के बाद ऋषिपाल ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी में विकास की राजनीति के बजाय केवल कुर्सी की राजनीति होती है। उन्होंने कहा कि भाजपा में शामिल होकर उन्हें अच्छा महसूस हो रहा है और वह पार्टी की नीतियों से प्रभावित हैं।
रेनू बाला का नाम उन पांच कांग्रेस विधायकों में शामिल रहा है, जिन पर राज्यसभा चुनाव के दौरान क्रॉस वोटिंग करने के आरोप लगे थे। इस मामले के बाद कांग्रेस ने उन्हें निलंबित कर दिया था। निलंबन के बाद से रेनू बाला कई सरकारी कार्यक्रमों में भाजपा नेताओं के साथ दिखाई देती रही हैं।
हाल ही में वह एक ग्रीवेंस कमेटी की बैठक में ऊर्जा एवं परिवहन मंत्री अनिल विज के साथ भी नजर आई थीं। राजनीतिक हलकों में इसे उनके भाजपा के प्रति बढ़ते झुकाव के रूप में देखा जा रहा है।
इस बीच ऋषिपाल ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस ने रेनू बाला को केवल निलंबित किया है, पार्टी से निष्कासित नहीं किया है। उन्होंने कहा कि रेनू बाला कांग्रेस के आधिकारिक कार्यक्रमों से दूरी बनाए रखेंगी, लेकिन उनकी राजनीतिक पहचान फिलहाल कांग्रेस से ही जुड़ी हुई है।