Haryana News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर हरियाणा में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक विभिन्न सेवा और जनभागीदारी से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में खाद्य आपूर्ति मंत्री राजेश नागर भिवानी के एक सरकारी स्कूल पहुंचे और कार्यक्रमों के तहत आयोजित गतिविधियों का जायजा लिया।
वहीं, हरियाणा के डिपो में सरसों का तेल बंद किए जाने को लेकर पूछे गए सवाल पर खाद्य आपूर्ति मंत्री राजेश नागर ने कहा कि इस विषय पर अभी बातचीत चल रही है। उन्होंने कहा कि इस मामले में मुख्यमंत्री की ओर से आगे कोई निर्णय लिया जाएगा। मंत्री के मुताबिक, संबंधित विषय पर चर्चा जारी है और सरकार की ओर से निर्णय के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।
मंत्री राजेश नागर ने बताया कि पूरे एक महीने के दौरान प्रदेश के स्कूलों में विद्यार्थियों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं और गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें निबंध लेखन, भाषण प्रतियोगिता, रंगोली और ड्राइंग प्रतियोगिता सहित कई कार्यक्रम शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इन गतिविधियों का उद्देश्य विद्यार्थियों को कार्यक्रमों से जोड़ना और उनकी प्रतिभा को मंच प्रदान करना है।
जिला और राज्य स्तर पर दिए जाएंगे पुरस्कार
राजेश नागर ने बताया कि स्कूल स्तर पर प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को आगे जिला और राज्य स्तर पर भी पुरस्कृत किया जाएगा। प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल करने वाले विद्यार्थियों के लिए पुरस्कार की व्यवस्था की जाएगी।
भिवानी में स्कूल दौरे के दौरान मंत्री ने विद्यार्थियों की तैयारियों और उनके उत्साह की सराहना की। उन्होंने स्कूल में लगाई गई प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में 25 वर्षों के सार्वजनिक कार्यकाल का भी उल्लेख किया गया।
'आशीर्वाद का दीया' कार्यक्रम का भी आयोजन
कार्यक्रमों के तहत 'आशीर्वाद का दीया' भी जलाया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दीर्घायु और अच्छे स्वास्थ्य के साथ देश की मजबूती की कामना को लेकर इस कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।