Haryana News: हरियाणा के भिवानी में विजिलेंस टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तहसील कार्यालय में तैनात एक फील्ड कानूनगो को ₹10 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अशोक कुमार के रूप में हुई है।
अधिकारियों के अनुसार, विजिलेंस विभाग को एक शिकायत मिली थी, जिसमें फील्ड कानूनगो पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाया गया था। शिकायत का सत्यापन करने के बाद विजिलेंस टीम ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत ट्रैप कार्रवाई की। इसी दौरान अशोक कुमार को कथित तौर पर ₹10 हजार की रिश्वत लेते हुए मौके पर पकड़ लिया गया।
जानकारी के मुताबिक, यह पूरा मामला मुंडाल गांव की भू-स्वामित्व योजना से जुड़ा है। इस योजना के तहत ऐसे लोगों को सरकार की नीति के अनुसार पंचायती जमीन पर मालिकाना हक देने की प्रक्रिया चल रही है, जो करीब 20 साल या उससे अधिक समय से संबंधित जमीन पर कब्जे में हैं। बताया गया है कि इसी प्रक्रिया के तहत संबंधित जमीन की पैमाइश फील्ड कानूनगो अशोक कुमार ने की थी। आरोप है कि इसके बाद नकल रपट अपलोड करने और उपलब्ध करवाने के एवज में ₹10 हजार की रिश्वत की मांग की गई।
ड्यूटी मजिस्ट्रेट और शैडो टीम की मौजूदगी में ट्रैप
विजिलेंस अधिकारी के मुताबिक, शिकायत मिलने के बाद सरकार और विजिलेंस विभाग की निर्धारित प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की गई। ट्रैप के दौरान ड्यूटी मजिस्ट्रेट और शैडो टीम भी मौजूद रही। आरोपी को रिश्वत लेते हुए पकड़ने के बाद मामले में आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
विजिलेंस ने लोगों से की अपील
विजिलेंस अधिकारियों ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी सरकारी कर्मचारी या अधिकारी द्वारा रिश्वत की मांग की जाती है या कोई व्यक्ति भ्रष्टाचार से पीड़ित है, तो वह विजिलेंस विभाग में शिकायत कर सकता है। शिकायत मिलने के बाद तथ्यों और निर्धारित प्रक्रिया के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।