Haryana News: हरियाणा और बिहार के बीच सफर करने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। दोनों राज्यों के बीच सीधी बस सेवा शुरू करने की दिशा में सरकार ने कदम उठाय है। इसके लिए 12 अंतरराज्यीय बस रूटों का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इन बसों के शुरू होने से हरियाणा के गुरुग्राम, पानीपत और अंबाला से बिहार के पटना, गया, पूर्णिया और मधुबनी जैसे शहरों तक सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी।
हरियाणा परिवहन विभाग की ओर से 30 अक्टूबर को समझौते के मसौदे से संबंधित अधिसूचना जारी की गई है। इसमें प्रस्तावित 12 बस मार्गों का विवरण दिया गया है। साथ ही आम जनता से 30 दिनों के भीतर इन रूटों को लेकर आपत्तियां और सुझाव मांगे गए हैं। सबसे लंबा बस रूट अंबाला से पूर्णिया तक प्रस्तावित है, जिसकी दूरी करीब 1470 किलोमीटर होगी।
लोगों को मिलेगा फायदा
प्रस्ताव के मुताबिक, गुरुग्राम से पटना की दूरी 1044 किलोमीटर, पानीपत से पटना की दूरी 1069 किलोमीटर और अंबाला से पटना की दूरी 1274 किलोमीटर निर्धारित की गई है। इन बस सेवाओं के शुरू होने से दोनों राज्यों के बीच आवागमन आसान होने की उम्मीद है। खासकर नौकरी, व्यापार, शिक्षा और अन्य कामों के सिलसिले में हरियाणा और बिहार के बीच यात्रा करने वाले लोगों को इसका फायदा मिल सकता है।