Stock Market: लगातार दूसरे दिन शेयर बाजार में तेजी देखने को मिली। सकारात्मक वैश्विक संकेतों, दूसरी तिमाही के बेहतर कॉरपोरेट नतीजों, विदेशी निवेशकों की खरीदारी और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी से बाजार को मजबूती मिली। हालांकि, अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव को लेकर निवेशकों में सतर्कता बनी हुई है।
कारोबार की शुरुआत में बीएसई सेंसेक्स 595.87 अंक यानी 0.79 प्रतिशत की बढ़त के साथ 76,288.65 के स्तर पर खुला। वहीं, एनएसई निफ्टी 50 भी 141.45 अंक यानी 0.60 प्रतिशत चढ़कर 23,582.25 के स्तर पर पहुंच गया। बाजार में ज्यादातर सेक्टोरल इंडेक्स हरे निशान में कारोबार करते नजर आए।
सेक्टोरल इंडेक्स में निफ्टी IT सबसे ज्यादा 1.09 प्रतिशत चढ़ा। इसके अलावा निफ्टी FMCG में 0.90 प्रतिशत, निफ्टी प्राइवेट बैंक में 0.85 प्रतिशत और निफ्टी ऑटो में 0.80 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई। निफ्टी रियल्टी 0.66 प्रतिशत, PSU बैंक 0.59 प्रतिशत, मीडिया 0.55 प्रतिशत और फार्मा 0.21 प्रतिशत की बढ़त के साथ खुले।
बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक, कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) की वापसी से भारतीय शेयर बाजार को समर्थन मिल रहा है। जियोजित इन्वेस्टमेंट्स के चीफ इन्वेस्टमेंट स्ट्रैटेजिस्ट वीके विजयकुमार ने कहा कि ब्रेंट क्रूड की कीमतों में नरमी, बेहतर दूसरी तिमाही के नतीजे और विदेशी निवेशकों की खरीदारी बाजार में तेजी को आगे बढ़ा सकते हैं। वहीं, उन्होंने निवेशकों को धैर्य के साथ वैल्यू बाइंग पर ध्यान देने की सलाह दी।
दूसरी ओर, अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बाजार के लिए चिंता का विषय बना हुआ है। दोनों देशों के बीच कूटनीतिक बातचीत से संभावित शांति समझौते की उम्मीद बढ़ी है, जिसके चलते सोमवार को कच्चे तेल की कीमतों में करीब 7 प्रतिशत की गिरावट आई थी। हालांकि, ईरान में नए सैन्य हमलों की खबरों और जवाबी कार्रवाई की धमकियों ने अनिश्चितता बढ़ा दी है। NSDL के आंकड़ों के मुताबिक, नवंबर के शुरुआती दो दिनों में विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (FPI) ने भारतीय इक्विटी बाजार में करीब 4,458 करोड़ रुपये का निवेश किया।
कमोडिटी बाजार में ब्रेंट क्रूड 104.72 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था। वहीं, मंगलवार के शुरुआती कारोबार में 24 कैरेट सोने की कीमत 0.81 प्रतिशत गिरकर 1,38,904 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी का भाव 2.22 प्रतिशत टूटकर 1,79,697 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गया। एशियाई बाजारों में भी मिला-जुला रुख देखने को मिला। हांगकांग का हैंग सेंग और सिंगापुर का स्ट्रेट्स टाइम्स बढ़त में रहे, जबकि जापान का निक्केई, ताइवान का वेटेड इंडेक्स और दक्षिण कोरिया का कोस्पी गिरावट के साथ कारोबार करते नजर आए।