Haryana News: हरियाणा के भिवानी में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां पलभर में छीन लीं। पत्नी के जन्मदिन का केक लेकर घर लौट रहे युवक और उसके चचेरे भाई की तेज रफ्तार कार की टक्कर से मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया। गुस्साए परिजनों ने आरोपी की गिरफ्तारी तक दोनों युवकों का अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया है।
जानकारी के मुताबिक, भिवानी जिले के जुई क्षेत्र के गांव लेघां हेतवान निवासी 22 वर्षीय विकास और 20 वर्षीय आशीष मोटरसाइकिल पर सवार होकर जुई से केक खरीदकर अपने गांव लौट रहे थे। आशीष की शादी 28 दिसंबर 2025 को हुई थी और गुरुवार को उसकी पत्नी का जन्मदिन था। इसी खुशी को मनाने के लिए वह अपने चचेरे भाई विकास के साथ केक लेने गया था। लेकिन किसी को क्या पता था कि यह खुशी कुछ ही देर में मातम में बदल जाएगी।
कार चालक फरार
परिजनों के अनुसार, गांव लौटते समय तेज रफ्तार मारुति रिट्ज कार ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि विकास की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल आशीष ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। हादसे के बाद आरोपी चालक कार सहित मौके से फरार हो गया। दोनों युवक सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे थे और अपने परिवार की उम्मीद माने जाते थे। एक ही हादसे में दोनों की मौत से गांव और परिवार में शोक की लहर है। परिजनों ने पुलिस से आरोपी चालक की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। उनका कहना है कि जब तक आरोपी गिरफ्तार नहीं होगा, तब तक दोनों युवकों का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।
परिजनों ने कहा कि हमारे परिवार की सारी खुशियां खत्म हो गईं। पुलिस जल्द से जल्द आरोपी को गिरफ्तार करे। जब तक गिरफ्तारी नहीं होगी, तब तक हम अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। हादसे की सूचना मिलते ही जुई थाना पुलिस मौके पर पहुंची। और जांच अधिकारी सुरेश कुमार ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। जांच अधिकारी सुरेश कुमार ने मामला दर्ज कर फरार कार चालक की तलाश शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
पत्नी के जन्मदिन की खुशी मनाने निकले आशीष और उसके चचेरे भाई विकास की जिंदगी सड़क हादसे में हमेशा के लिए थम गई। इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के गंभीर परिणामों को उजागर किया है। अब पीड़ित परिवार और पूरे गांव की नजर पुलिस कार्रवाई पर टिकी है कि आखिर फरार आरोपी कब तक कानून के शिकंजे में आता है।