Haryana Weather: हरियाणा सरकार युवाओं को रोजगार के लिए बेहतर ढंग से तैयार करने और तकनीकी शिक्षा को आधुनिक स्वरूप देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाने जा रही है। राज्य के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने घोषणा की है कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 से प्रदेश के पॉलिटेक्निक संस्थानों में कई नए डिप्लोमा और तकनीकी पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे।
नए कोर्सों में वीएलएसआई डिजाइन, साइबर फोरेंसिक एवं सूचना सुरक्षा, टेलीकॉम इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल ट्रेड, पर्यावरण इंजीनियरिंग, जीआईएस एवं सर्वे तकनीक, इलेक्ट्रिक वाहन तकनीक, एक्स-रे तकनीक, पत्रकारिता एवं जनसंचार, शुगर टेक्नोलॉजी तथा फैशन डिजाइनिंग जैसे आधुनिक और रोजगारोन्मुख विषय शामिल किए गए हैं।
शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने बताया कि इन पाठ्यक्रमों को उद्योगों की वर्तमान और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल सैद्धांतिक ज्ञान ही नहीं, बल्कि रोजगार से जुड़े व्यावहारिक कौशल भी प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि तेजी से बदलते तकनीकी परिवेश में युवाओं को आधुनिक तकनीकों के अनुरूप प्रशिक्षित करना समय की आवश्यकता है, ताकि वे रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त कर सकें।
सरकार के अनुसार प्रत्येक नए कोर्स में 60 विद्यार्थियों को प्रवेश दिया जाएगा। इन कार्यक्रमों के माध्यम से छात्रों को डिजिटल सुरक्षा, आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक्स, ग्रीन टेक्नोलॉजी, स्वास्थ्य सेवाओं, सर्वेक्षण तकनीक और इलेक्ट्रिक वाहनों जैसे उभरते क्षेत्रों में विशेषज्ञता हासिल करने का अवसर मिलेगा।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि यह पहल राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 और इंडस्ट्री 4.0 की आवश्यकताओं के अनुरूप है। इससे प्रदेश के युवाओं की रोजगार क्षमता में बढ़ोतरी होगी और हरियाणा के उद्योगों को कुशल एवं प्रशिक्षित मानव संसाधन उपलब्ध हो सकेगा।