Gold Silver Price: घरेलू वायदा बाजार और सर्राफा बाजार में शुक्रवार को सोने और चांदी की कीमतों में तेज गिरावट दर्ज की गई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर शुरुआती कारोबार के दौरान चांदी में 5,600 रुपये से अधिक की गिरावट देखने को मिली, जबकि सोना 1,300 रुपये से ज्यादा सस्ता हो गया। सर्राफा बाजार में भी दोनों कीमती धातुओं के दाम नरम रहे।
एमसीएक्स पर 3 जुलाई डिलीवरी वाली चांदी पिछले कारोबारी सत्र में 2,64,796 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी। शुक्रवार को यह 2,60,024 रुपये पर खुली और शुरुआती कारोबार में 5,629 रुपये टूटकर 2,59,167 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गई। सुबह 10:15 बजे चांदी 4,260 रुपये की गिरावट के साथ 2,60,536 रुपये प्रति किलोग्राम पर कारोबार कर रही थी।
वहीं, 5 अगस्त डिलीवरी वाले सोने में भी कमजोरी देखने को मिली। पिछला बंद भाव 1,59,547 रुपये प्रति 10 ग्राम था, जबकि आज इसकी शुरुआत 1,58,598 रुपये पर हुई। कारोबार के दौरान सोना 1,334 रुपये फिसलकर 1,58,213 रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया। सुबह 10:20 बजे यह 1,192 रुपये की गिरावट के साथ 1,58,394 रुपये प्रति 10 ग्राम पर ट्रेड कर रहा था।
प्रमुख शहरों में सोने के ताजा भाव
देश के प्रमुख शहरों में 24 कैरेट सोने की कीमत 1.55 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास बनी हुई है। दिल्ली, लखनऊ और जयपुर में 24 कैरेट सोना 1,55,880 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा है, जबकि मुंबई और कोलकाता में इसका भाव 1,55,730 रुपये है। चेन्नई में सबसे अधिक 1,57,960 रुपये प्रति 10 ग्राम का भाव दर्ज किया गया।
22 कैरेट सोने की कीमत दिल्ली, लखनऊ और जयपुर में 1,42,900 रुपये प्रति 10 ग्राम रही, जबकि मुंबई और कोलकाता में यह 1,42,750 रुपये पर दर्ज की गई। 18 कैरेट सोने के भाव भी अधिकांश शहरों में 1.16 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास रहे।
सर्राफा बाजार में भी नरमी
सर्राफा बाजार में भी सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई। बाजार के ताजा आंकड़ों के अनुसार 24 कैरेट सोना 380 रुपये प्रति 10 ग्राम सस्ता होकर 1,55,730 रुपये पर पहुंच गया। वहीं 22 कैरेट सोने के भाव में 350 रुपये की गिरावट आई और यह 1,42,750 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार करता दिखा। 18 कैरेट सोना भी 280 रुपये टूटकर 1,16,800 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया।
चांदी की कीमत में सबसे बड़ी गिरावट दर्ज की गई। सर्राफा बाजार में चांदी 5,000 रुपये प्रति किलोग्राम सस्ती होकर 2,75,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई।