Haryana News: हरियाणा सरकार परिवहन सेवाओं को आधुनिक और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाने जा रही है। परिवहन मंत्री अनिल विज ने बताया कि अंबाला छावनी के शाहपुर क्षेत्र में ड्राइविंग प्रशिक्षण एवं अनुसंधान संस्थान (आईडीटीआर) और स्वचालित वाहन परीक्षण केंद्र (एटीएस) की स्थापना के लिए 11 एकड़ से अधिक भूमि परिवहन विभाग के नाम पंजीकृत कर दी गई है।
उन्होंने बताया कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना को साकार करने के लिए जल्द ही वाहन निर्माता कंपनी अशोक लीलैंड के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए जाएंगे। परियोजना के तहत आधुनिक सुविधाओं से युक्त प्रशिक्षण संस्थान स्थापित किया जाएगा, जहां युवाओं को वैज्ञानिक और व्यावसायिक ड्राइविंग का प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
परिवहन मंत्री के अनुसार इस संस्थान से अंबाला सहित आसपास के जिलों के हजारों युवाओं को कौशल विकास और रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। इसके साथ ही परियोजना के माध्यम से सैकड़ों प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार सृजित होने की संभावना है।
अनिल विज ने बताया कि प्रस्तावित स्वचालित वाहन परीक्षण केंद्र में अत्याधुनिक तकनीक की मदद से वाहनों की फिटनेस जांच की जाएगी। यह केंद्र प्रति सप्ताह लगभग 300 वाहनों का परीक्षण करने में सक्षम होगा। निर्धारित सुरक्षा और फिटनेस मानकों को पूरा करने वाले वाहनों को प्रमाणपत्र जारी किया जाएगा, जबकि मानकों पर खरा नहीं उतरने वाले वाहनों को फिटनेस स्वीकृति नहीं दी जाएगी।