Winter Me Phone Battery Jaldi Kyu Khatam Hoti Hai: सर्दियों में सुबह घर से निकलते वक्त अगर आपके फोन की बैटरी 80% है, तो हो सकता है कि कुछ देर बाद ही यह तेजी से गिरने लगे। कई बार तो 30-40% चार्ज बचा होने के बावजूद फोन अचानक बंद हो जाता है। ऐसे में लगता है कि शायद बैटरी खराब हो गई है, लेकिन हर बार ऐसा नहीं होता। इसके पीछे सर्दी और कम तापमान भी बड़ी वजह हो सकते हैं।
ठंड में फोन अचानक बंद भी हो सकता है
दरअसल, आजकल ज्यादातर स्मार्टफोन में लिथियम-आयन बैटरी इस्तेमाल होती है, जो ठंड के मौसम में थोड़ा अलग तरीके से काम करती है। तापमान गिरने पर इसके अंदर होने वाली रासायनिक प्रक्रिया धीमी पड़ जाती है, जिसका असर फोन के बैटरी बैकअप पर दिखने लगता है। फोन की बैटरी के अंदर आयन एक जगह से दूसरी जगह जाते हैं, इसी प्रक्रिया से फोन को बिजली मिलती है। लेकिन जब तापमान बहुत कम हो जाता है, तो इन आयनों की आवाजाही धीमी पड़ जाती है। इस वजह से बैटरी पहले की तरह आसानी से बिजली नहीं दे पाती। नतीजा यह होता है कि फोन की बैटरी जल्दी गिरती हुई दिखाई देती है और बहुत ज्यादा ठंड में फोन अचानक बंद भी हो सकता है, भले ही उसमें कुछ चार्ज बचा हो।
बैटरी का प्रदर्शन अक्सर अस्थायी रूप से ही कम होता है
अच्छी बात ये है कि ठंड की वजह से बैटरी का प्रदर्शन अक्सर अस्थायी रूप से ही कम होता है। जब फोन सामान्य तापमान पर आता है, तो बैटरी का प्रदर्शन भी बेहतर हो सकता है। लेकिन अगर सामान्य मौसम में भी फोन जल्दी डिस्चार्ज हो रहा है या बार-बार बंद हो रहा है, तो बैटरी की हेल्थ जांच करवानी चाहिए।सर्दियों में फोन की बैटरी बचाने के लिए 5 आसान तरीके अपना सकते हैं। पहला, फोन को लंबे समय तक खुले में न छोड़ें, बाहर जाते समय इसे जेब या बैग में रखें ताकि यह बहुत ठंडा न हो। दूसरा, अगर ठंड की वजह से फोन बंद हो गया है, तो उसे तुरंत हीटर, आग या हेयर ड्रायर के पास न रखें, बल्कि सामान्य कमरे के तापमान पर आने दें। तीसरा, स्क्रीन की ब्राइटनेस कम रखें, क्योंकि ज्यादा चमकने पर बैटरी ज्यादा खर्च होती है, ऑटो ब्राइटनेस का इस्तेमाल भी कर सकते हैं।
Also read: TRAI की लेटेस्ट रिपोर्ट, स्पैम रोकने में Jio सबसे आगे, Vi के नेटवर्क से सबसे ज्यादा शिकायतें
बैकग्राउंड ऐप्स पर नजर
चौथा, बैकग्राउंड ऐप्स पर नजर रखें, क्योंकि कई ऐप इस्तेमाल न होने पर भी बैकग्राउंड में चलकर बैटरी खर्च करते हैं। Battery Usage सेटिंग में जाकर देखें कि कौन-सा ऐप सबसे ज्यादा चार्ज इस्तेमाल कर रहा है। पांचवा, बैटरी तेजी से गिर रही है तो Battery Saver या Low Power Mode चालू कर दें।ठंड में फोन को गर्म रखने के लिए उसे हीटर या आग के पास रखना सही नहीं है। इससे फोन की बैटरी और दूसरे हिस्सों को नुकसान पहुंच सकता है। फोन को सामान्य तापमान पर ही रहने दें। तो क्या सर्दियों में बैटरी जल्दी खत्म होना सामान्य है? हां, कम तापमान में लिथियम-आयन बैटरी का प्रदर्शन कुछ समय के लिए घट सकता है। इसलिए सर्दियों में फोन का चार्ज तेजी से कम होना या बहुत ठंड में अचानक बंद हो जाना संभव है। हालांकि, अगर फोन सामान्य तापमान में भी जल्दी डिस्चार्ज हो रहा है, तो इसे सिर्फ सर्दी का असर समझकर नजरअंदाज न करें, बैटरी की जांच जरूर करवाएं।