Jammu Kashmir News:जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई है। इस मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने एक आतंकी को मार गिराया है, जबकि एक अन्य आतंकी इलाके में घिरा हुआ है। जम्मू-कश्मीर पुलिस और सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की है। इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है और सुरक्षाबल दूसरे आतंकी की तलाश में जुटे हैं।
इस कार्रवाई में एक आतंकी मारा गया है, जबकि दूसरा आतंकी घिरा हुआ है। जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की संयुक्त टीम इलाके में ऑपरेशन चला रही है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दोनों आतंकियों का संबंध पिछले सप्ताह CRPF पोस्ट पर हुए हमले से बताया जा रहा है।
CRPF पोस्ट पर हमले के बाद चल रही थी तलाश
दरअसल, 11 नवंबर को कुलगाम के मीर बाजार के पास अखरन इलाके में CRPF पोस्ट पर आतंकियों ने हमला किया था। इस दौरान तीन CRPF जवान घायल हो गए थे, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई गई थी। हमले के बाद से ही सुरक्षाबल इलाके में आतंकियों की तलाश कर रहे थे। खुफिया जानकारी मिलने के बाद सोमवार को घेराबंदी और तलाशी अभियान शुरू किया गया, जिसके बाद आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई।
लश्कर के आतंकी लतीफ भट का नाम आया सामने
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुठभेड़ में शामिल आतंकियों की पहचान लतीफ भट और उमर के रूप में की गई है। अधिकारियों के अनुसार, एक आतंकी का शव मुठभेड़ स्थल पर दिखाई दिया, जबकि दूसरे को घेरने और निष्क्रिय करने की कोशिश जारी थी। रिपोर्ट्स में मारे गए आतंकी को लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा बताया गया है। सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर रखी है, ताकि दूसरा आतंकी भागने में कामयाब न हो सके।
बारामूला के बाग में मिले तीन जिंदा हैंड ग्रेनेड
इस बीच उत्तरी कश्मीर के बारामूला जिले में भी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ाने वाली घटना सामने आई। रविवार को दुर्हामा इलाके में पानी की पाइपलाइन बदलने के काम के दौरान एक बाग में तीन जंग लगे जिंदा हैंड ग्रेनेड मिले। अधिकारियों के मुताबिक, ये ग्रेनेड एक पॉलीथिन बैग में लिपटे हुए थे। सूचना मिलने के बाद बम निरोधक दस्ते को मौके पर बुलाया गया, ताकि उन्हें सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय किया जा सके।
Also read: कंपनी की नंबर-1 कार खतरे में! Tata और Maruti की ये 2 SUV बिगाड़ रही हैं खेल, फीचर्स देख उड़ जाएंगे होश