Chhath Puja Metro Timing: छठ पूजा पर श्रद्धालुओं के लिए दिल्ली मेट्रो ने बड़ी राहत दी है। DMRC ने ऐलान किया है कि सोमवार, 16 नवंबर को 'ऊषा अर्घ्य' के दिन मेट्रो की सेवाएं सुबह 6 बजे की जगह सुबह 4:30 बजे से ही शुरू हो जाएंगी।
घाट तक पहुंचना होगा आसान
DMRC के अनुसार, सभी लाइनों के टर्मिनल स्टेशनों से पहली ट्रेन सुबह 4:30 बजे चलेगी। इसका मकसद है कि सुबह-सुबह घाटों पर जाने वाले व्रतियों और श्रद्धालुओं को आने-जाने में कोई दिक्कत न हो।
शुरुआत में हर 15 मिनट पर मिलेगी मेट्रो
दिल्ली मेट्रो ने X पर जानकारी दी है कि सुबह 4:30 बजे से लेकर रेगुलर टाइमटेबल शुरू होने तक सभी लाइनों पर ट्रेनें हर 15 मिनट के गैप पर चलेंगी। इसके बाद मेट्रो का संचालन सामान्य समय-सारणी के हिसाब से होगा।
श्रद्धालुओं को मिलेगी बड़ी सहूलियत
छठ के दौरान दिल्ली-NCR में जबरदस्त भीड़ होती है। लाखों श्रद्धालु घाटों पर पहुंचते हैं। ऐसे में मेट्रो का जल्दी चलना उन लोगों के लिए बड़ी सुविधा साबित होगा जो पब्लिक ट्रांसपोर्ट से यात्रा करते हैं।
Also read: CM रेखा गुप्ता ने सोनिया विहार घाट पर दिया संध्या अर्घ्य, दिल्लीवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की
सोमवार को होगा उषा अर्घ्य
छठ में पहला अर्घ्य डूबते सूर्य को और दूसरा अर्घ्य उगते सूर्य को दिया जाता है। सोमवार सुबह महापर्व का सबसे अहम अनुष्ठान 'ऊषा अर्घ्य' होगा। इस दौरान व्रती नदी, तालाब और घाटों के किनारे पहुंचकर उगते सूरज को अर्घ्य देंगे।
इसी के साथ खत्म होगा महापर्व
व्रती बांस के सूप और दउरे में ठेकुआ, फल, गन्ना और प्रसाद सजाकर लाएंगे। उगते सूर्य को जल और दूध चढ़ाकर परिवार की सुख-समृद्धि और बच्चों की लंबी उम्र की कामना करेंगे। अर्घ्य के बाद छठी मैया की पूजा और प्रसाद के साथ करीब 36 घंटे का निर्जला व्रत टूटेगा और चार दिन के महापर्व का समापन हो जाएगा।